अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की लागत लगभग दोगुनी, अब 2.1 लाख करोड़ रुपये

HIGHLIGHTS
- 508 किलोमीटर लंबा है अहमदाबाद-मुंबई हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर
- पहले हिस्से को अगस्त 2027 में शुरू करने की योजना
- पूरी परियोजना के 2030 तक पूरा होने की उम्मीद
नई दिल्ली। अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन की शुरुआत अब कुछ ही महीनों में होने की उम्मीद है। परियोजना के 2030 तक पूरा होने का अनुमान है, जबकि कॉरिडोर के पहले हिस्से को अगस्त 2027 में शुरू करने की योजना है।
अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना की शुरुआती अनुमानित लागत 1.1 लाख करोड़ रुपये थी। अब इसे संशोधित कर करीब 2.1 लाख करोड़ रुपये किए जाने की बात सामने आई है।
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का खर्च बढ़ा
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 508 किलोमीटर लंबे हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की संशोधित लागत को मंजूरी देने का प्रस्ताव मंगलवार, 25 अगस्त को कैबिनेट के सामने रखा गया। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के फैसलों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, रेल मंत्रालय ने लागत बढ़ने की प्रमुख वजह महाराष्ट्र में जमीन अधिग्रहण में लगा अतिरिक्त समय और जापान से ट्रेन सेट मिलने में हुई देरी को बताया है।
अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना की अनुमानित लागत अब लगभग दोगुनी हो गई है। लागत 1.1 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2.1 लाख करोड़ रुपये होने के बाद रेल मंत्रालय को अतिरिक्त फंड की जरूरत होगी। सूत्रों के मुताबिक, यह अतिरिक्त राशि बजट से दी जा सकती है।
परियोजना के लिए अब तक 1.1 लाख करोड़ रुपये की फंडिंग जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) और बजट आवंटन के जरिए हुई है। सूत्रों ने बताया कि रेलवे के अनुसार हाई-स्पीड ट्रेनें भारत में तैयार की जाएंगी और प्रत्येक ट्रेन की लागत करीब 390 करोड़ से 400 करोड़ रुपये होगी।
बुलेट ट्रेन की लागत बढ़ने के क्या कारण हैं?
जनवरी में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने बताया था कि परियोजना की लागत करीब 83 प्रतिशत बढ़कर 1.98 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
जमीन अधिग्रहण में देरी, जरूरी मंजूरियां मिलने में समय लगना और ट्रेनों को अंतिम रूप देने में हुई देरी समेत कई कारणों से परियोजना की समयसीमा और लागत दोनों बढ़ी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.