झारखंड के 600 सरकारी स्कूलों में शुरू होंगी AI आधारित स्मार्ट क्लासेज, होगी रियल टाइम निगरानी

HIGHLIGHTS
- झारखंड के 600 मिडिल स्कूलों में एआई आधारित स्मार्ट क्लासेज शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
- एआई सिस्टम से स्मार्ट क्लास की गतिविधियों, उपकरणों और डिजिटल सामग्री की रियल टाइम निगरानी हो सकेगी।
- शिक्षा विभाग ने स्मार्ट क्लास सॉल्यूशन और रखरखाव के लिए निजी एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रांची। राज्य के कई सरकारी स्कूलों में समग्र शिक्षा अभियान के तहत पहले से स्मार्ट क्लासेज संचालित की जा रही हैं। अब इन स्कूलों में एआई आधारित स्मार्ट क्लासेज की सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए राज्य के 600 स्कूलों का चयन किया गया है। एआई आधारित स्मार्ट क्लासेज के जरिए जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक इसकी रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने राज्य के 600 मिडिल स्कूलों में एआई आधारित स्मार्ट क्लासेज की सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही स्मार्ट क्लास सॉल्यूशन तैयार करने और उसके रखरखाव के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
पहली बार स्मार्ट क्लास को एआई तकनीक से जोड़कर स्मार्ट क्लास सॉल्यूशन लागू किया जा रहा है। इसके माध्यम से शिक्षा विभाग को यह जानकारी मिल सकेगी कि स्कूलों में स्मार्ट क्लास कब और कितने समय तक संचालित हुई। इसके लिए इसे डैशबोर्ड से भी जोड़ा जाएगा।
डिजिटल सामग्री और उपकरणों की होगी ऑनलाइन निगरानी
एआई आधारित सिस्टम से स्कूलों में लगाए गए उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। इसमें सिस्टम कब शुरू हुआ, कब बंद हुआ, कितनी देर तक इस्तेमाल किया गया और कौन-कौन से एप्लीकेशन कितने समय तक चले, इसकी जानकारी मिल सकेगी। इसके आधार पर एनालिटिकल रिपोर्ट भी तैयार की जा सकेगी।
स्मार्ट क्लास में प्रसारित की जाने वाली डिजिटल शैक्षणिक सामग्री की भी निगरानी की जाएगी। यदि किसी स्कूल में गलत डिजिटल सामग्री प्रसारित की जाती है तो इसके लिए जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।
स्मार्ट क्लास के उपकरणों के आसान और समय पर रखरखाव के लिए ऑनलाइन कॉल लॉग मैनेजमेंट सिस्टम भी तैयार किया जाएगा।
लाइव क्लास के लिए बनाए जाएंगे सात स्टूडियो
राज्य सरकार ने लाइव क्लासेज की सुविधा के लिए कुल सात स्टूडियो स्थापित करने का निर्णय लिया है। पिछले दिनों कैबिनेट की बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई थी।
रांची के रातू स्थित जेसीईआरटी में दो स्टूडियो बनाए जाएंगे, जबकि पांचों प्रमंडलों में एक-एक स्टूडियो का निर्माण कराया जाएगा। इन स्टूडियो से चिह्नित एक हजार स्कूलों में लाइव क्लासेज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सुविधा स्मार्ट क्लासेज से अलग होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.