गोरखपुर हादसे पर अखिलेश यादव का CM योगी पर हमला, बोले- PDA कार्यकर्ताओं को किया जा रहा परेशान

HIGHLIGHTS
- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर हादसे को लेकर बयान जारी किया।
- उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे की मौत के मामले में CCTV फुटेज से मुख्यमंत्री के दावे की पोल खुल गई है।
- अखिलेश ने कहा कि इस घटना के बहाने PDA कार्यकर्ताओं के घर-परिवार को परेशान किया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो के दौरान हुए हादसे में बच्चे की मौत को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के बहाने पीडीए कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। अखिलेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जुल्म और नाइंसाफी से डरें नहीं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि गोरखपुर में हादसे में मारे गए बच्चे के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से फैलाए गए झूठ का सीसीटीवी फुटेज के जरिए पर्दाफाश हो चुका है। इसके बाद मुख्यमंत्री बौखला गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी दुनिया में बदनामी की हताशा में अब पीडीए कार्यकर्ताओं के घर-परिवार को परेशान किया जा रहा है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि वे अपने साहसी कार्यकर्ताओं से कहना चाहते हैं कि इस जुल्म और अन्याय से न डरें, क्योंकि मुख्यमंत्री अब सिर्फ दो-तीन महीने के मेहमान हैं और उनकी सत्ता की ताकत कुछ ही दिनों की बची है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री बुरी तरह हारकर हमेशा के लिए पद से हटने वाले हैं, इसी वजह से हताशा में इस तरह के उत्पीड़न पर उतर आए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज तक किसी मुख्यमंत्री की स्थिति इतनी कमजोर नहीं रही। उन्होंने इसके पीछे कई वजहें गिनाईं।
दिल्ली के नेता उन्हें अपने दरबार में बुलाकर हाजिरी लगवा रहे हैं।
उनके ही शहर और उनकी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उन्हें अलग दल बनाने की साजिश करने के आरोप में धमका रहे हैं।
प्रदेश संगठन उनकी बनाई उम्मीदवारों की सूची को फर्जी बताने के लिए उनसे 'नकार-पत्र' पर जबरन हस्ताक्षर करवा रहा है।
उनकी अपनी पार्टी के 10 विधायक भी उनके साथ नहीं हैं।
नौकरशाही और पुलिस विभाग में कुछ गिने-चुने कथित महाभ्रष्ट सजातीय अधिकारियों को छोड़कर अन्य लोग उनके अन्याय और जुल्म में साथ नहीं दे रहे हैं।
उनकी ही सरकार के उपमुख्यमंत्री उनकी बात काटते हुए कह रहे हैं कि कोई वोट नहीं कटा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी उनकी बात को यह कहते हुए खारिज कर रहे हैं कि वे धर्म के आधार पर कोई आंकड़ा जारी नहीं करते।
जनता पहले भी उनके साथ नहीं थी और आज भी नहीं है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि लखनऊ के अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां के साथ किए गए दुर्व्यवहार के कारण प्रदेश की महिलाएं उनके खिलाफ हो गई हैं।
युवाओं को उनकी आरक्षण और नौकरी विरोधी दकियानूसी सोच पहले भी पसंद नहीं थी और अब तो बिल्कुल नहीं है।
अखिलेश के मुताबिक, निवेशक 5 प्रतिशत एडवांस कमीशन की वसूली से परेशान हैं और ठेकेदारों से 50 प्रतिशत एडवांस लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में कथित कमीशनखोरी के परिणाम धंसते हाईवे, गिरती पानी की टंकियों और पुलों के रूप में सामने आ रहे हैं। दुकानदार, व्यापारी और कारोबारी टैक्स अधिकारियों तथा थानों में होने वाली वसूली से परेशान हैं।
उनके अनुसार, मौजूदा शासन में थाने, कचहरी और तहसीलों में भ्रष्टाचार का गिरोह जनता को लूट रहा है।
उन्होंने कहा कि पीडीए समाज 2024 और 2026 के चुनावों में उन्हें हराकर अपनी एकजुटता दिखा चुका है।
प्राध्यापकों, पत्रकारों, अधिकारियों और वकीलों के साथ कथित अशोभनीय व्यवहार के कारण बुद्धिजीवी भी उनके साथ नहीं हैं। अखिलेश ने कहा कि उन्हें 'हाता नहीं भाता है'।
यश भारती सम्मान बंद किए जाने के कारण प्रतिभावान कलाकार, रचनाकार, पेशेवर डॉक्टर, इंजीनियर, सीए और खिलाड़ी भी उनके साथ नहीं हैं।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि किसानों की बोरी में चोरी, खाद के लिए लंबी कतारों और छुट्टा पशुओं से फसलों की रखवाली के लिए रातभर जागने की परेशानी के चलते गांवों के लोग उन्हें हराने के लिए एकजुट हो रहे हैं। मजदूर और श्रमिक भी उनके खिलाफ सड़कों पर उतर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि अब कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों की भी पोल खुल गई है। अखिलेश के मुताबिक, पूरा उत्तर प्रदेश देख रहा है कि मुख्यमंत्री ने सरेआम हत्या करने वाले जेल में बंद अपराधी को अच्छे आचरण के नाम पर रिहा किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि कानून-व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले व्यक्ति का आचरण अच्छा कैसे हो सकता है। अखिलेश ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद पर से भी मुकदमे हटवाए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े सजातीय माफिया के सामने मुख्यमंत्री डर जाते हैं और उनके अहंकारी व्यवहार के कारण आधे से ज्यादा सजातीय माफिया भी अंदर ही अंदर उनके खिलाफ हो गए हैं।
अखिलेश ने फर्जी एनकाउंटर, हिरासत में पीडीए के लोगों की मौत, दलितों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और अपराध में उत्तर प्रदेश के नंबर एक होने, एसटीएफ में एक ही जाति के लोगों की तैनाती और बुलडोजर को व्यवस्था के बजाय अव्यवस्था का प्रतीक बनाने जैसे आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि थानों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है। जनता अब सवाल कर रही है कि जिनकी कार्यशैली का हिस्सा ही अपराध है, वे कानून-व्यवस्था कैसे सुधारेंगे। अखिलेश के मुताबिक, भाजपा इस बार कानून-व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद और विफल होने के कारण चुनाव हारेगी। इसी वजह से पूरी भाजपा और उसके प्रत्याशी मुख्यमंत्री को हटाना चाहते हैं।
अखिलेश यादव बोले- प्रभावहीन हो चुके हैं मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री इतने प्रभावहीन हो चुके हैं कि भगवान राम और भगवान कृष्ण के खिलाफ अपशब्द कहने वाले दूसरे राज्यों से आए एक व्यक्ति के कार्यक्रम तक नहीं रुकवा पा रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई करना तो दूर की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री किसी के 'लघु-बंधु' के सामने इतने नतमस्तक हैं कि हो सकता है कि वे उनके अगले कार्यक्रम में दंडवत प्रणाम करते दिखाई दें। अखिलेश ने कहा कि बाहर से आकर कोई उन्हें मंचों से खुलेआम चुनौती दे रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री कमजोर और लाचार व्यक्ति की तरह असहाय नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धर्म को मानने वाले लोग अयोध्या के राम मंदिर में चोरी करने वालों को बचाने और उन्हें झूठी क्लीन चिट दिए जाने से मुख्यमंत्री के कथित अधर्मी व्यवहार से बेहद निराश और नाराज हैं। इसके अलावा काशी में राजमाता देवी अहिल्याबाई की हाथ में शिवलिंग लिए प्रतिमा के अपमान, मणिकर्णिका घाट के पौराणिक महत्व को चोट पहुंचाने, महाकुंभ में शंकराचार्य और बटुक के अपमान तथा महाकुंभ में हुए कथित महाभ्रष्टाचार और अव्यवस्था के कारण लोगों की मौत के मामले में झूठ बोलने को लेकर भी लोगों में आक्रोश है।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि मृतकों के बारे में झूठ बोलना मुख्यमंत्री की पुरानी आदत है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब मुख्यमंत्री का साथ देने के लिए दो करोड़ रुपये से अधिक के रोजाना के कथित झूठे प्रचार के अलावा कोई नहीं बचा है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री अपने लोगों के निशाने पर हैं और जनता ने उनका पूरी तरह बहिष्कार कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बेहद कमजोर हो चुके मुख्यमंत्री जाते-जाते लोगों को परेशान कर रहे हैं। उनके अनुसार, इसका मतलब साफ है कि वे अपने झूठ पकड़े जाने की खिसियाहट निकाल रहे हैं और अब हमेशा के लिए जाने वाले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भविष्य में अपने किए की सजा मिलने के बारे में सोचकर घबरा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.