आरा में शिक्षा विभाग के DPO पर हमला, बीच सड़क हॉकी-लाठी से पीटा, कार भी तोड़ी
By Hitesh — August 6, 2026

HIGHLIGHTS
- सनदियां-रतनपुर ओवरब्रिज के पास हुई घटना, हमलावरों ने रास्ते में रोकी थी कार।
- हमले में डीपीओ राहुल कुमार समेत तीन कर्मियों को लगी चोटें।
- हॉकी और लाठी-डंडों से वार करने का आरोप, कार भी की गई क्षतिग्रस्त।
Author: — Dainik Dehat
आरा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनदियां-रतनपुर ओवरब्रिज के पास गुरुवार शाम चार पहिया वाहन सवार हमलावरों ने शिक्षा विभाग के डीपीओ (जिला कार्यक्रम पदाधिकारी) समेत दो अन्य कर्मियों पर हमला कर दिया।
हॉकी और लाठी-डंडों से किए गए हमले में डीपीओ सहित तीनों लोग घायल हो गए। हमलावरों ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने अजीमाबाद थाना क्षेत्र के ताराचक निवासी शिक्षक राजीव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रमाण पत्र जांच को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
घटना में घायल लोगों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। जानकारी के अनुसार, सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार दो अन्य कर्मियों के साथ कार्यालय से कार से आरा-सलेमपुर रोड की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान सनदिया-रतनपुर ओवरब्रिज के पास एक कार सवार चार-पांच लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अचानक हॉकी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में डीपीओ समेत तीनों कर्मियों को चोटें आईं। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर अपनी कार से फरार हो गए। घायल प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक और जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के एक कर्मी को गंभीर चोटें आने के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल कर्मियों ने बताया कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया था। अचानक हुए हमले के कारण उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह उनकी जान बच सकी।
हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मियों ने किया हंगामा
घटना के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के कर्मियों और अन्य अधिकारियों ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान कर्मियों ने हंगामा भी किया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय भी थाना पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार अपने दो अन्य कर्मियों के साथ कार्यालय से लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन पर हमला किया गया।
उन्होंने बताया कि हमले में डीपीओ समेत तीनों कर्मियों को चोटें आई हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.