बंगाल: बीरभूम में तारापीठ मंदिर के पास होटल में लगी भीषण आग, 7 तीर्थयात्रियों की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा सोमवार तड़के तारापीठ के एक होटल में हुआ।
- होटल के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 5 बजे आग लगी।
- उस समय होटल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए थे।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास स्थित एक होटल में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बीरभूम के तारापीठ में चार मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 5 बजे आग लगी। उस समय होटल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सो रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के सूत्रों ने शुरुआत में आग में पांच लोगों की मौत की जानकारी दी थी। हालांकि, बाद में पुलिस ने मृतकों की संख्या सात बताई।
सावन सोमवार के चलते बड़ी संख्या में पहुंचे थे श्रद्धालु
सावन सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तारापीठ मंदिर पहुंचे थे। सोमवार होने के कारण होटल श्रद्धालुओं से भरा हुआ था। सुबह जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे, उसी दौरान होटल में आग लग गई, जिससे उन्हें बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाया।
तारापीठ थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित 'होटल बिदेशिनी' में आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग और धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
मुख्य प्रवेश द्वार और रिसेप्शन क्षेत्र में आग की लपटें होने के कारण लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं तलाश पाए और अंदर फंस गए।
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी
उत्तर 24 परगना, मालदा और अलीपुरद्वार से आए कई परिवार इस हादसे की चपेट में आए। पुलिस और अग्निशमन दल ने काफी प्रयास के बाद दरवाजे तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.