बिहार में बाढ़ का कहर, गंगा समेत कई नदियां उफान पर; 13 जिलों में प्रभारी मंत्री करेंगे निगरानी

HIGHLIGHTS
- बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
- गंगा समेत कई नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
- 13 गंगा तटवर्ती जिलों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
पटना। बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। गंगा के साथ सोन, पुनपुन, सरयू और कोसी नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से निचले इलाकों में पानी फैल गया है।
कई स्थानों पर घरों, सड़कों और संपर्क मार्गों तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। जलस्तर लगातार बढ़ने के बीच सरकार ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी और तेज करने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंगा के किनारे बसे 13 जिलों में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी को लेकर प्रभारी मंत्रियों और प्रभारी सचिवों को अहम निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि संबंधित प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। जरूरत पड़ने पर वे वहीं कैंप कर राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकी से निगरानी करेंगे।
13 जिलों के लिए विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बक्सर, भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार समेत गंगा तटवर्ती जिलों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार हालात का जायजा लेने और राहत कार्यों में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का फोकस बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री, भोजन, पीने का पानी और जरूरी सहायता समय पर पहुंचाने पर है। जलस्तर बढ़ने के कारण संवेदनशील इलाकों पर लगातार निगरानी बनाए रखने को भी कहा गया है।
पटना में गंगा के जलस्तर पर विशेष निगरानी
पटना के शहरी क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पटना शहरी सुरक्षा तटबंध के आसपास के क्षेत्रों पर खास नजर रखने को कहा गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
मुख्यमंत्री ने पटना नगर निगम, जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग को अलर्ट मोड में रहने को कहा है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के अलावा तटबंधों और संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.