बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 32,388 पदों पर होगी भर्ती

HIGHLIGHTS
- कक्षा 11वीं-12वीं के शिक्षकों के लिए 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं।
- कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563 और कक्षा 9 से 10 के लिए 3,877 पद हैं।
- अभ्यर्थी कई महीनों से TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे थे।
लंबे समय से चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का इंतजार कर रहे युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। बिहार लोक सेवा आयोग ने मंगलवार शाम चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया।
32,388 शिक्षकों के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी होते ही अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस भर्ती में सबसे ज्यादा 16,101 पद कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर भी बड़ी संख्या में पद शामिल हैं।
पदों का विवरण
- कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
- कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
- कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
- कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
- कुल पद: 32,388
सीएम सम्राट चौधरी ने कही थी शिक्षकों की कमी दूर होने की बात
हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए BPSC TRE-4 को लेकर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि शिक्षा विभाग की ओर से BPSC को अधियाचना भेज दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि उनकी सरकार युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि इस भर्ती प्रक्रिया से जहां हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी, वहीं राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी।
शिक्षक अभ्यर्थी आज से कर रहे हैं धरना
शिक्षक अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे थे। मंगलवार को छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थी गर्दनीबाग धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलन शुरू किया।
अभ्यर्थी TRE-4 विज्ञापन के साथ BSSC एग्जाम डेट, लाइब्रेरियन बहाली, BET, दरोगा, सिपाही, BSSC समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
अभ्यर्थियों की मांग के बीच BPSC की ओर से मंगलवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी कर दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.