चंबा सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, मासूम समेत पांच लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- चंबा में पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार खाई में गिरने से एक वर्षीय मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
- परिवार चंडीगढ़ से बच्चे का इलाज करवाकर घर लौट रहा था, तभी लाहाड़ गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ।
- पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
डलहौजी। चंबा जिले में सोमवार देर रात पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहाड़ गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक साल के बच्चे सहित पांच लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार चंडीगढ़ से बच्चे का इलाज करवाकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। हालांकि, लगातार जारी भारी बारिश और बनीखेत के पास राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने के कारण राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बचाव कार्य पूरा किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बचन सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी गेहरा, उनके बेटे रिपन कुमार पुत्र बचन सिंह, पुत्रवधू रिम्पी पत्नी रिपन कुमार, कीर्ति पुत्री केसर सिंह और एक वर्षीय मासूम बच्चे के रूप में हुई है। बचन सिंह पेशे से चालक थे, जबकि उनके बेटे रिपन कुमार हिमाचल प्रदेश पुलिस की द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन (सेकेंड आईआरबीएन), सकोह में तैनात थे।
बताया गया कि परिवार बच्चे के उपचार के लिए चंडीगढ़ गया था और वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया। कीर्ति, बचन सिंह के सगे भाई की बेटी थी, जो चंडीगढ़ में पढ़ाई करती थी।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे चंबा जिले में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि लाहाड़ क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.