दिल्ली-एनसीआर में चरस तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। पूर्वी जिला पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध गांव मलाणा से दिल्ली-एनसीआर में चरस की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक गेस्ट हाउस मालिक और एक सप्लायर शामिल है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 480.4 ग्राम मलाणा चरस और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी के संचालन में किया जा रहा था।
पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम लंबे समय से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर नजर बनाए हुए थी। इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में 9 अप्रैल को गाजीपुर इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका, जिनके पास से 115 ग्राम चरस बरामद हुई।
इनकी पहचान शुभम जैन और राहुल कुमार के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान पुलिस को एक बड़े सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद 18 अप्रैल को विशाल भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 101.4 ग्राम चरस मिली और बाद में गुरुग्राम स्थित ठिकाने से 264 ग्राम अतिरिक्त चरस भी बरामद की गई।
जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क का मुख्य स्रोत हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के गांव मलाणा का रहने वाला उमेश है। पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश में छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान हरदीप नामक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई, जो मलाणा से दिल्ली तक चरस की खेप पहुंचाने का काम करता था। हरदीप पहले से ही एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में था, जिसे औपचारिक रूप से इस केस में भी शामिल किया गया।
गेस्ट हाउस मालिक चला रहा था पूरा नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शुभम जैन लोनी (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और एक गेस्ट हाउस का मालिक है। वह दिल्ली-एनसीआर में चरस की खरीद-बिक्री और वितरण का काम संभालता था। उसका सहयोगी राहुल कुमार (बागपत, यूपी) गेस्ट हाउस में कर्मचारी के रूप में काम करता था और सप्लाई नेटवर्क में मदद करता था।
विशाल भारद्वाज (खरखौदा, हरियाणा) एक कैफे मालिक है, जो हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई चेन को मैनेज करता था। उमेश (मलाणा, कुल्लू) पेशे से किसान है और प्रतिबंधित पदार्थ की सप्लाई में मुख्य भूमिका निभाता था। वहीं हरदीप (जगतपुर) बस कंडक्टर है, जो माल की डिलीवरी कूरियर के रूप में करता था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.