लाडली बहना के 1500 रुपये से अंडा, मुर्गा और मछली खाने की सलाह, BJP विधायक का वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की लांजी सीट से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे का वीडियो वायरल।
- विधायक ग्रामीण और आदिवासी महिलाओं से लाडली बहना योजना की 1500 रुपये की राशि के बारे में पूछते नजर आए।
- उन्होंने महिलाओं से इस पैसे से अंडा, मुर्गा और मछली खाने की सलाह दी।
बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक ग्रामीण और आदिवासी महिलाओं को 'लाडली बहना योजना' के तहत मिलने वाली 1500 रुपये की राशि से खूब अंडा, मुर्गा और मछली खाने की सलाह देते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही वह महिलाओं से आगामी चुनाव में भाजपा यानी कमल के फूल को वोट देने की अपील भी कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो मंगलवार शाम का बताया जा रहा है। उस समय विधायक राजकुमार कर्राहे लांजी क्षेत्र के आलीटोला में आयोजित रानी तिलका देवी के मेले से लौट रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे कुछ आदिवासी महिलाएं और बच्चे बैठे नजर आए। उन्हें देखकर विधायक ने अपनी कार रुकवाई और गाड़ी में बैठे-बैठे ही महिलाओं से बातचीत शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में क्या बोले विधायक?
वायरल वीडियो में विधायक महिलाओं से पूछते हैं कि क्या उन्हें लाडली बहना योजना के तहत मिलने वाली 1500 रुपये की राशि समय पर मिल रही है। महिलाओं के मुस्कुराते हुए हां कहने पर कर्राहे कहते हैं, "तो इस पैसे से खूब अंडा खाओ, खूब मुर्गा खाओ, खूब मछली खाओ और बच्चों को भी खूब खिलाओ, स्वस्थ रहो। लेकिन वोट कमल के फूल (भाजपा) को ही देना।"
सोशल मीडिया पर बहस, विधायक ने दी सफाई
विधायक के इस संवाद का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन के उद्देश्य से भटकाने वाला बयान बता रहे हैं। वहीं, विपक्षी नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे सीधे तौर पर वोट बैंक की राजनीति से जोड़कर देखा है।
विवाद बढ़ने के बाद विधायक राजकुमार कर्राहे ने इस मामले में अपनी सफाई दी है। उनका कहना है कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सहज भाव से यह बात कही थी।
विधायक के अनुसार, उन्होंने महिलाओं को साफ पानी पीने और शराब जैसी बुराइयों से दूर रहने की सलाह भी दी थी, लेकिन वीडियो में बातचीत का वह हिस्सा रिकॉर्ड नहीं हो पाया। फिलहाल, बालाघाट के राजनीतिक गलियारों में विधायक का यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.