अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी की तैयारी तेज, 25 बीघा में बनेगा जयमाला स्थल; आधा दर्जन हेलीपैड तैयार

HIGHLIGHTS
- मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है।
- शादी की तैयारियां अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां में चल रही हैं।
- मगही गायक गुंजन सिंह पत्नी नीलम देवी के साथ अनंत सिंह से मिलने पहुंचे।
मोकामा के विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं। 25 नवंबर को होने वाली इस भव्य शादी के लिए उनके पैतृक गांव नदावां में बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी बीच मगही गायक गुंजन सिंह अपनी पत्नी नीलम देवी के साथ अनंत सिंह से मुलाकात करने पहुंचे। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।
मुलाकात के बाद अनंत सिंह, गुंजन सिंह और समर्थकों के साथ काफिले में निकले और शादी की तैयारियों का जायजा लिया। सभी घुड़दौड़ ग्राउंड पहुंचे, जहां घोड़ों की तैयारियों और मैदान का निरीक्षण किया गया। काफी देर तक व्यवस्थाएं देखने के बाद सभी वापस आवास लौट आए। इसके बाद अनंत सिंह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोकामा रवाना हो गए।
गुंजन सिंह बोले- शादी में रचा जा रहा इतिहास
मगही गायक गुंजन सिंह ने बताया कि यह उनके घर की शादी है और वह इसमें स्वागतकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शादी में उनकी प्रस्तुति रोजाना होती रहती है। उनके मुताबिक, इस आयोजन में इतिहास रचा जा रहा है। यह केवल नेशनल नहीं, बल्कि इंटरनेशनल शादी है। शादी में कितने हेलीकॉप्टर पहुंचेंगे, इसका पता आयोजन वाले दिन ही चलेगा।
पत्रकारों के कहने पर गुंजन सिंह ने विधायक अनंत सिंह के नाम पर 'घोड़ा वाला अब पगली रेस होवो हय' गाना भी सुनाया। उन्होंने कहा कि शादी में शामिल होने वाले मेहमानों के नाम फिलहाल नहीं बताए जाने हैं। सभी को निमंत्रण दिया गया है और कार्ड के चक्कर में पड़ने की जरूरत नहीं है। यहां हर किसी का स्वागत है। उन्होंने बताया कि विधायक अनंत सिंह खुद शादी की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
25 नवंबर को शिवांगी सिंह की शादी
दरअसल, मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह का विवाह 25 नवंबर को होना है। उनकी शादी बिहटा के कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार से तय हुई है। इससे पहले 20 नवंबर को शुभ तिलकोत्सव का कार्यक्रम रखा गया है।
ऋषिकेश कुमार ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है। वह फिलहाल वहीं नौकरी कर रहे हैं।
25 बीघा में तैयार हो रहा जयमाला स्थल, आधा दर्जन हेलीपैड बनेंगे
शादी के आयोजन को लेकर नदावां गांव में बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। गांव में करीब आधा दर्जन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। वहीं, लगभग 25 बीघा जमीन पर जयमाला के लिए मंडप और मेहमानों के भोजन की व्यवस्था के लिए स्टॉल तैयार किए जा रहे हैं।
इसके अलावा, गांव से करीब एक किलोमीटर दूर घुड़दौड़ के लिए अलग मैदान भी बनाया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.