अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होंगे बृजभूषण शरण सिंह, बोले- हमारी ही बिरादरी के हैं

HIGHLIGHTS
- मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर 2026 को होगी।
- शिवांगी का विवाह ऋषिकेश के साथ उनके पैतृक गांव नदावां में संपन्न होगा।
- बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शादी में शामिल होने की पुष्टि की है।
पटना। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस हाई-प्रोफाइल विवाह समारोह में शामिल होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी अपनी सहमति जता दी है।
मीडिया से बातचीत में बृजभूषण सिंह ने बताया कि अनंत सिंह ने उन्हें बेहद स्नेह के साथ शादी का निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए समारोह में जरूर पहुंचेंगे।
दोनों नेताओं के रिश्तों पर अपनी खास शैली में बात करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि अनंत सिंह उनकी ही 'बिरादरी' से आते हैं।
हालांकि, सामाजिक रूप से अनंत सिंह भूमिहार समुदाय से हैं, जबकि बृजभूषण शरण सिंह राजपूत समाज से संबंध रखते हैं। ऐसे में पूर्व सांसद का इशारा दोनों नेताओं की 'बाहुबली' छवि की ओर माना जा रहा है।
पैतृक गांव नदावां में होगा भव्य विवाह समारोह
विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी को यादगार और भव्य बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। विवाह से जुड़े सभी प्रमुख आयोजन उनके पैतृक गांव नदावां में होंगे। यहां 25 नवंबर 2026 को शिवांगी की शादी ऋषिकेश के साथ संपन्न होगी।
शादी के निमंत्रण पत्र के मुताबिक, मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत 20 नवंबर (शुक्रवार) को फलदान और तिलक की रस्म से होगी।
इसके बाद 23 नवंबर (सोमवार) को हल्दी का कार्यक्रम रखा गया है। वहीं, 24 नवंबर (मंगलवार) को मेहंदी और संगीत की महफिल सजेगी। इन कार्यक्रमों में परिवार के सदस्यों और बेहद करीबी रिश्तेदारों के शामिल होने की बात कही गई है। मुख्य विवाह समारोह 25 नवंबर (बुधवार) को आयोजित होगा।
विदेशी फूलों से सजावट, कई बीघे में तैयार हो रहे पंडाल
इस भव्य शादी में देशभर की जानी-मानी हस्तियों और वीवीआईपी मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। उनके स्वागत और ठहरने के लिए नदावां में कई बीघे जमीन पर बड़े और आलीशान पंडाल बनाए जा रहे हैं।
समारोह स्थल को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष रूप से विदेशों से दुर्लभ और खूबसूरत फूल मंगाए जा रहे हैं। आयोजकों की तैयारी है कि शादी के इस खास आयोजन की सजावट और भव्यता देखते ही बने।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.