ओवैसी-चंद्रशेखर के तीसरे मोर्चे पर गिरिराज सिंह का हमला, बोले- हिंदुओं को बांटने की साजिश

HIGHLIGHTS
- गिरिराज सिंह ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के तीसरे मोर्चे पर हमला बोला।
- उन्होंने तीसरे मोर्चे को हिंदुओं को जातियों में बांटने की साजिश बताया।
- गिरिराज सिंह ने हिंदू समाज के जातिगत विभाजन और मुस्लिम समाज के राजनीतिक एकीकरण का मुद्दा उठाया।
बेगूसराय। केंद्रीय मंत्री और सांसद गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) से पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के बीच तीसरे मोर्चे के ऐलान पर निशाना साधा है। उन्होंने इस मोर्चे को हिंदुओं को जातियों में बांटने की साजिश बताया। इस दौरान उन्होंने हिंदू समाज के जातिगत बंटवारे और मुस्लिम समाज के राजनीतिक एकीकरण का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल खड़े किए।
गिरिराज सिंह ने संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
गुरुवार को बेगूसराय के रसियन गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अंग्रेजों और मुगलों ने हिंदुओं को जातियों में बांटने का काम किया था। उनके मुताबिक, नेहरू के दौर में भी हिंदुओं को जातियों में बांटा गया। आज हर जाति का राजनीतिकरण हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सनातनियों को जातियों में बांटने की राजनीति की जा रही है, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम समाज का कट्टरवादी एकीकरण और ईसाइयों का विस्तारवादी रुख देखने को मिल रहा है।
मणिपुर की तीन अहम चुनावी समितियों में यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे एक सांसद को शामिल किए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि बेटियों के साथ कथित उत्पीड़न के मामलों में लगे आरोप कांग्रेस को नजर नहीं आते। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे लोगों को महत्व दे रही है, जिन पर उत्पीड़न, देशद्रोह और देश तोड़ने जैसे गंभीर आरोप हैं।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर जवाब देते हुए उन्होंने कांग्रेस शासन के समय की अर्थव्यवस्था और 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के वक्त देश की आर्थिक स्थिति की तुलना करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि आज विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष समेत पूरी दुनिया भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रगति पर नजर रख रही है। पेट्रोल की कीमतों, विदेशी मुद्रा भंडार और रक्षा क्षेत्र में निर्यात का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत चिप से लेकर शिप तक अपनी क्षमता बढ़ा रहा है। उनके अनुसार, देश का विदेशी मुद्रा भंडार पहले के मुकाबले दोगुना हो चुका है।
विपक्ष के आरोपों को भ्रम फैलाने की कोशिश बताते हुए उन्होंने तंज कसा कि अगर इसे गिरती हुई अर्थव्यवस्था कहा जाता है, तो उन्हें ऐसी अर्थव्यवस्था भी मंजूर है।
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि वर्ष 2015 से ही प्रधानमंत्री यह कहते आ रहे हैं कि पूर्वांचल के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है।
जिले की औद्योगिक परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रिफाइनरी, फर्टिलाइजर, एनटीपीसी और सड़कों के विस्तार से बेगूसराय में विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग-धंधों से जुड़े लोग आ रहे हैं और राज्य एथेनाल उत्पादन के केंद्र के रूप में उभर रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.