DUSU चुनाव: 15वें राउंड के बाद अध्यक्ष और सचिव पद पर ABVP आगे, उपाध्यक्ष पर निर्दलीय बढ़त में

HIGHLIGHTS
- अध्यक्ष पद पर यश डबास को 17,315 वोट मिले हैं।
- NSUI के मीना को अध्यक्ष पद पर 17,021 वोट प्राप्त हुए।
- उपाध्यक्ष पद पर दीपांशु 22,682 वोट के साथ आगे हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव के लिए मतगणना जारी है। अध्यक्ष पद को लेकर ABVP और NSUI के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। शुरुआती राउंड में ABVP बढ़त बनाए हुए थी, लेकिन 10वें राउंड के बाद NSUI ने बढ़त हासिल कर ली थी। अब 15वें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद चारों प्रमुख पदों की स्थिति सामने आ गई है।
15वें राउंड के बाद अध्यक्ष और सचिव पद पर ABVP के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि संयुक्त सचिव पद पर NSUI के गोपाल आगे हैं।
अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास को 17,315 वोट मिले हैं, जबकि NSUI के मीना को 17,021 वोट प्राप्त हुए हैं। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु 22,682 वोट के साथ सबसे आगे हैं।
सचिव पद पर ABVP की रिया 11,473 वोटों के साथ बढ़त में हैं। वहीं, संयुक्त सचिव पद पर NSUI के गोपाल को 11,912 वोट मिले हैं।
शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई गई थी। इस चुनाव में ABVP और NSUI के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। मतगणना के दौरान स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के साथ पैरामिलिट्री और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है।
पिछले DUSU चुनाव के नतीजे
पिछले DUSU चुनाव में ABVP ने चार प्रमुख पदों में से तीन पर जीत दर्ज की थी, जबकि उपाध्यक्ष पद NSUI के खाते में गया था। इस बार भी दोनों छात्र संगठनों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
52 केंद्रों पर कितना प्रतिशत मतदान?
DUSU चुनाव 2026-27 के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 52 मतदान केंद्रों पर कुल 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नियमित कॉलेजों में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक वोट डाले गए, जबकि सांध्य कॉलेजों में मतदान का समय दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक था।
कितने उम्मीदवार मैदान में हैं?
केंद्रीय पैनल के चार प्रमुख पदों के लिए इस बार कुल 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 7, उपाध्यक्ष पद के लिए 5, सचिव पद के लिए 4 और संयुक्त सचिव पद के लिए 4 प्रत्याशी शामिल हैं।
मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा
मतगणना को देखते हुए स्ट्रांग रूम के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस के अलावा आसपास के जिलों की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की गई है।
DCP नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट निहारिका भट्ट के मुताबिक, करीब 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही पैरामिलिट्री बल और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।
विजय जुलूस पर हाईकोर्ट की रोक
दिल्ली हाईकोर्ट ने DUSU चुनाव से जुड़े मामले में विजय जुलूस निकालने पर रोक लगा रखी है। इसके अलावा चुनाव प्रचार के दौरान हिंसा से जुड़े मामले में 140 उम्मीदवारों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
ऐसे में नतीजे घोषित होने के बाद किसी भी उम्मीदवार या उसके समर्थकों को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.