अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था चौपट

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने अजय सेठ वाले वीडियो को लेकर मुकदमे का जिक्र किया।
- रायबरेली में बच्चों के कार्यक्रम में रुकावट का आरोप लगाया।
- संत कबीर नगर में सपा सांसद की जान को खतरा होने की बात कही।
अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अजय सेठ वाला वीडियो शेयर करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। उन्होंने कहा कि अब ऐसे हालात बनेंगे कि जो भी इस वीडियो को देखेगा, उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हो सकता है। अखिलेश यादव ने कहा, "ये भाजपा वाले कुछ भी कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि रायबरेली में बच्चों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था, लेकिन भाजपा के गुंडों ने उसमें रुकावट पैदा कर दी और कार्यक्रम नहीं होने दिया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वे स्वजातीय लोगों को बढ़ावा देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यही भाजपा की कानून व्यवस्था है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर किसी को सम्मान नहीं मिल रहा है तो वह पीडीए से है, इसलिए उसे सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों को भी पार्टी के लोगों के साथ संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि संत कबीर नगर में उनकी पार्टी के सांसद की जान भी जा सकती थी।
अखिलेश यादव बोले- प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था चौपट
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के भविष्य और आने वाली पीढ़ी की खुशहाली के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना लोकतंत्र के हित में है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था चौपट हो चुकी है और भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की हद हो गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि इसलिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना ही एकमात्र उपाय है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए को एकजुट कर उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार का सफाया करने के लिए संकल्पित है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कोई नई योजना लागू करने में सफल नहीं हो सकी है। उनके मुताबिक, दिखाने के लिए भी भाजपा के पास समाजवादी सरकार के समय किए गए काम ही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नफरत की राजनीति के जरिए समाज को बांटने की साजिश करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से उत्तर प्रदेश महिला अपराध, फर्जी एनकाउंटर और पुलिस हिरासत में मौतों के आंकड़ों में अव्वल नंबर पर है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि महिलाएं रोज अपमानित हो रही हैं और बच्चियों के साथ दरिंदगी हो रही है।
उन्होंने कहा कि नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है और वे आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों को समय पर इलाज और शुद्ध पेयजल भी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल बंद हो रहे हैं और पीडीए समाज पर अत्याचार किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.