मुजफ्फरनगर में सतेंद्र से मारपीट मामले में चार आरोपी और किशोर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के गौशाला रोड स्थित मंदिर परिसर का है।
- बामनहेड़ी निवासी सतेंद्र के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया था।
- सतेंद्र के पिता फूल कुमार ने पुलिस को तहरीर दी थी।
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गौशाला रोड स्थित मंदिर परिसर में युवक सतेंद्र के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के साथ एक किशोर को गिरफ्तार किया है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई सतेंद्र के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है। मामले में एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
बामनहेड़ी निवासी सतेंद्र के पिता फूल कुमार ने शहर कोतवाली में तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सतेंद्र के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लाठी-डंडों और मुक्कों से मारपीट की गई। इसके साथ ही उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
चार आरोपी और एक किशोर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जानसठ थाना क्षेत्र के गढ़ी निवासी अंकित, गौशाला मोहल्ला निवासी मोनू और सचिन तथा नया बांस (नदी रोड) निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। इनके अलावा एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है।
वीडियो के जरिए हुई आरोपियों की पहचान
सोमवार शाम मंदिर परिसर में एक किशोरी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद सतेंद्र के साथ भीड़ ने मारपीट की थी। घटना के कई वीडियो सामने आए थे। वीडियो में कई लोग सतेंद्र को घेरकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सतेंद्र को भीड़ से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने सामने आए वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान शुरू की।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की विवेचना एएसपी/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.