मैनपुरी में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा की तलवार तोड़ी, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

HIGHLIGHTS
- प्रतिमा पर्यटन विभाग की ओर से स्थापित कराई गई है।
- मंगलवार सुबह लोगों को घटना की जानकारी मिली।
- सूचना के बाद समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे।
मैनपुरी। जेल चौराहे पर स्थापित वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा को सोमवार रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा के हाथ में लगी तलवार तोड़ दी गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग जेल चौराहे पर पहुंच गए।
इसके बाद दोपहर में लोग कोतवाली पहुंचे और घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तलवार तोड़े जाने की जानकारी से लोगों में नाराजगी
जेल चौराहे पर पर्यटन विभाग की ओर से वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित कराई गई है। सोमवार रात अराजक तत्वों ने प्रतिमा के हाथ में लगी तलवार को तोड़ दिया।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय लोधी महासभा और वीरांगना अवंतीबाई लोधी प्रतिमा कमेटी के अध्यक्ष अहिवरन सिंह राजपूत के नेतृत्व में समाज के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली पहुंचकर दी तहरीर
दोपहर करीब दो बजे सभी लोग कोतवाली पहुंचे। अहिवरन सिंह राजपूत ने तहरीर देकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने पुलिस से प्रतिमा स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर असामाजिक तत्वों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने मांग की कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले व्यक्ति को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस दौरान कमल वर्मा, कमलेश राजपूत, नीटू राजपूत, नारम सिंह, अमरकांत लोधी, सुधाकर लोधी, गोविंद, चंदन लोधी और अनिल राजपूत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रतिमा स्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.