हिमाचल में बड़ा हादसा: लाहौल-स्पीति में पहाड़ी से मलबा गिरने पर टैक्सी दबी, 13 की मौत

HIGHLIGHTS
- लाहुल-स्पीति के कडू नाला में टाटा सूमो टैक्सी चट्टानों की चपेट में आई, एक व्यक्ति की मौत की सूचना।
- वाहन में चालक समेत करीब 14 लोगों के सवार होने की जानकारी, बचाव अभियान जारी।
- बीआरओ, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से कुल्लू से पांगी जा रही टाटा सूमो टैक्सी (एचपी-01एम-2210) दब गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने की है।
घटना की जानकारी मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
सड़क खुलने के बाद पांगी के लिए रवाना हुए थे यात्री
जानकारी के मुताबिक उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसके चलते टैक्सी में सवार यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को मार्ग बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा गिर गया और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।
मलबे से एक घायल को निकाला गया, तलाश जारी
बचाव दल ने अब तक मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाला है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अन्य यात्रियों की तलाश जारी है और मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की संख्या और हादसे में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने जताया दुख
भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने पांगी-उदयपुर मार्ग पर हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना बेहद दुखद है और पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है।
विधायक ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूस्खलन की चपेट में आए वाहन में सवार 15 लोगों में से 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में छह माह का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। वहीं, दो लोगों के सुरक्षित होने की सूचना मिली है।
डॉ. जनक राज ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह चंबा और लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन के अधिकारियों के संपर्क में हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार जानकारी ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है। साथ ही, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए लोगों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।
सीएम सुक्खू ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कडू नाला हादसे में 13 लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने उपायुक्त लाहौल-स्पीति से बात की और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि उपायुक्त खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.