लुधियाना में पूर्व अकाली सरपंच की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

HIGHLIGHTS
- हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की।
- फायरिंग में लगभग 13 गोलियां नवतेज सिंह को लगीं।
- वारदात के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।
लुधियाना। अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैडी संधू की हत्या के बाद अब लुधियाना में पूर्व अकाली दल के सरपंच की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। लाडोवाल थाना क्षेत्र के गांव मानेवाल में शनिवार शाम बाइक सवार दो हमलावरों ने पूर्व अकाली सरपंच नवतेज सिंह (60) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब 15 गोलियां चलाईं, जिनमें लगभग 13 गोलियां नवतेज सिंह को लगीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
नवतेज सिंह घुमारमंडी कृष्ण नगर में रहते थे। गांव मानेवाल में उनकी जमीन थी, जिसकी देखरेख के लिए वह रोजाना वहां आते-जाते थे। शनिवार शाम करीब सात बजे वह इनोवा कार से लुधियाना वापस लौट रहे थे। एनडीआरएफ कार्यालय के सामने पहुंचते ही घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो युवकों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।
लगातार हुई फायरिंग में नवतेज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सिर और गर्दन में भी लगी गोलियां
फायरिंग की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने नवतेज सिंह को उनकी ही इनोवा कार से डीएमसी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि फायरिंग में नवतेज सिंह के सिर और गर्दन में भी गोलियां लगी थीं। पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने के साथ ही हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.