रांची के तोरपा में जगन्नाथ रथ हाईटेंशन तार की चपेट में आया, दो छात्रों की मौत और कई झुलसे

HIGHLIGHTS
- झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा में भगवान जगन्नाथ का रथ 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।
- हादसे में 12वीं कक्षा के दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि 7 से 8 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
- प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बिजली आपूर्ति व हाईटेंशन तार की स्थिति की जांच की जा रही है।
रांची। राजधानी रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। भगवान जगन्नाथ का रथ 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया।
इस हादसे में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि 7 से 8 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची से भी टीम भेजी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, तोरपा स्थित जगन्नाथ मौसीबाड़ी के पास रथ को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। परंपरा के तहत रथ खींचने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और स्कूली छात्र मौजूद थे।
इसी दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन (HT) बिजली तार से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही कुछ ही सेकंड में पूरे रथ में हाई-वोल्टेज करंट फैल गया।
करंट लगने से मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
करंट की चपेट में आते ही रथ खींच रहे बच्चे तड़पने लगे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चों को रथ से अलग किया और सभी झुलसे बच्चों को इलाज के लिए तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
दो छात्रों की मौत, इलाके में पसरा मातम
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान चंदन कुमार (पिता– ननका यादव) और तिजेश्वर गोप (पिता– पाल गोप) के रूप में हुई है। दोनों छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे।
अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अस्पताल में भर्ती अन्य घायल बच्चों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और घटना की जानकारी ली।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि रथ ले जाते समय बिजली आपूर्ति बंद की गई थी या नहीं और हाईटेंशन तार की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुसार थी या नहीं।
इस हादसे के बाद पूरे तोरपा क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.