एमपी में ज्वेलरी शॉप में लूट, कर्मचारी को गोली मारकर चार बदमाश फरार

HIGHLIGHTS
- वारदात गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुई।
- गोली कर्मचारी राहुल के हाथ में लगी।
- एक आरोपी ने नकाब पहन रखा था।
एमपी के विंध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत चौकी अंतर्गत बजरंग परिसर में गुरुवार शाम ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। हथियारों से लैस चार बदमाशों ने कंचन ज्वेलर्स में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने दुकान में काम कर रहे कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को गोली मार दी और बंदूक के बट से उसके सिर पर हमला किया।
राहुल के घायल होकर अचेत होने के बाद बदमाश शोकेस में रखे सोने और चांदी के आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए।
कर्मचारी को गोली मारकर किया घायल
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे चार हथियारबंद बदमाश कंचन ज्वेलर्स में दाखिल हुए। दुकान में मौजूद लोगों को हथियार दिखाकर धमकाने के बाद उन्होंने कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को निशाना बनाया।
बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली राहुल के हाथ में लगी। इसके बाद उसके सिर पर बंदूक के बट से वार किया गया, जिससे वह घायल होकर अचेत हो गया। घटना के बाद दुकान में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान बदमाश शोकेस में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर दुकान से बाहर निकले और फरार हो गए।
ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
वारदात के बाद घायल राहुल विश्वकर्मा को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इलाज के दौरान राहुल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वारदात में कुल चार लोग शामिल थे, जिनमें से एक बदमाश ने नकाब पहन रखा था।
बैंक डकैती के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ी
बैढ़न में बैंक डकैती की घटना के बाद जयंत में ज्वेलरी शॉप में हुई लूट की वारदात से पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
जिले से बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है। आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें ज्वेलरी शॉप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही हैं।
बदमाश किस दिशा में भागे और उन्होंने कौन सा रास्ता अपनाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। संभावित मार्गों पर भी पुलिस ने निगरानी बढ़ाई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। लूटी गई ज्वेलरी की कुल कीमत का विस्तृत आकलन पुलिस और दुकान संचालक की ओर से किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.