आगरा के होटल ताज रिसोर्ट को धमकी भरा ईमेल, बम निरोधक दस्ते ने की जांच

HIGHLIGHTS
- होटल में कुल 34 कमरे बताए गए हैं।
- 16 कमरों में 30 से अधिक पर्यटक ठहरे थे।
- बम निरोधक और स्वान दस्ते ने तलाशी ली।
आगरा में ताजमहल के पास स्थित होटल ताज रिसोर्ट में बृहस्पतिवार शाम धमकी भरा ईमेल आने से हड़कंप मच गया। जीमेल आईडी से भेजे गए ईमेल में होटल के एक कमरे में बम रखे होने और उसके इसी सप्ताह किसी भी समय फटने की बात कही गई थी। सूचना मिलने पर ताजगंज पुलिस बम निरोधक और स्वान दस्ते के साथ होटल पहुंची और जांच शुरू की। एक-एक कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अब ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए साइबर सेल जांच कर रही है।
ताजमहल से करीब एक किलोमीटर दूर पश्चिम पुरी, सिकंदरा निवासी सुनील कर्दम का होटल ताज रिसोर्ट है। शाम करीब 5 बजकर 6 मिनट पर होटल की मेल आईडी पर एक ईमेल आया। इसमें लिखा था कि होटल के एक कमरे में बम रखा हुआ है और वह इस सप्ताह किसी भी समय फट सकता है। साथ ही लिखा था कि समय आज से शुरू होता है। ईमेल की जानकारी मिलने पर कर्मचारी ने मैनेजर को बताया।
होटल में कुल 34 कमरे हैं। इनमें से 16 कमरों में 30 से अधिक पर्यटक ठहरे हुए थे। इसके अलावा होटल में कर्मचारी भी मौजूद थे। मैनेजर ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
बम निरोधक दस्ते ने होटल के एक-एक कमरे की जांच की। इस दौरान पर्यटकों को धमकी मिलने की जानकारी नहीं दी गई और इसे रुटीन चेकिंग बताया गया। इस वजह से होटल में अफरातफरी नहीं मची। पूरे होटल को खंगाला गया, लेकिन कहीं भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि ईमेल आईडी की जानकारी गूगल से मांगी गई है। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। होटल संचालक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.