झारखंड: कुत्तों ने खोला 20 दिन पुराने हत्या का राज, खेत से मिला भाई का कंकाल

HIGHLIGHTS
- लातेहार के चंदवा में खेत से 21 दिन से लापता दयाल टोपनो का कंकाल बरामद हुआ।
- कंकाल मिलने के दौरान मृतक का भाई पास्कल टोपनो मौके से भागने लगा, पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की।
- पूछताछ में हत्या की बात कबूल करने के बाद आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
चंदवा (लातेहार)। खेत की मिट्टी 20 दिनों तक अपने अंदर एक ऐसे राज को छिपाए रही, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। परिवार को लगा कि दयाल टोपनो कहीं बाहर चला गया है। गांव में सामान्य तरीके से जीवन चलता रहा, लेकिन 21 जुलाई मंगलवार को खेत के किनारे कुत्तों का झुंड बार-बार एक ही जगह मिट्टी खोदने लगा।
ग्रामीणों की नजर जब इस पर पड़ी तो उन्हें शक हुआ। इसकी सूचना चंदवा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई शुरू कराई तो कुछ ही देर में मिट्टी के नीचे दबा मानव कंकाल दिखाई देने लगा। इस घटना से मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए।
कंकाल निकलते ही भागने लगा भाई
कंकाल बरामद किए जाने के दौरान मृतक का सगा भाई पास्कल टोपनो भी घटनास्थल पर मौजूद था। जैसे-जैसे मिट्टी हटाई जा रही थी और मानव कंकाल बाहर आ रहा था, पास्कल की स्थिति बदलने लगी। अचानक वह वहां से भागने लगा।
पुलिस को उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने कुछ ही समय में अपने बड़े भाई दयाल टोपनो की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
21 दिनों से लापता था दयाल टोपनो
पुलिस के अनुसार, चीरो गांव निवासी 40 वर्षीय दयाल टोपनो एक जुलाई से लापता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जमीन विवाद और घरेलू मामलों को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
आरोपित के अनुसार, एक जुलाई को दोनों भाइयों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद पास्कल ने लोहे के सबल से वार कर दयाल की हत्या कर दी।
हत्या के बाद उसने शव को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में ले जाकर दफना दिया। इसके बाद वह सामान्य जीवन जीता रहा। गांव में लोगों से मिलना-जुलना, रोजमर्रा के काम करना और परिवार के बीच रहना जारी रखा, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
दयाल टोपनो अविवाहित था, इसलिए परिवार को लगा कि वह किसी काम से बाहर चला गया होगा। दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता था, लेकिन वे साथ बैठकर शराब भी पीते थे, इसलिए किसी ने हत्या की आशंका नहीं जताई।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
पुलिस के मुताबिक, इस मामले का खुलासा किसी मुखबिर या तकनीकी जांच से नहीं, बल्कि खेत में कुत्तों की असामान्य गतिविधि के कारण हुआ। मिट्टी हटने के साथ ही एक परिवार का दर्द और 20 दिनों से छिपा सच सामने आ गया।
प्रभारी थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि बरामद कंकाल की पहचान दयाल टोपनो के रूप में हुई है। चंदवा थाना में कांड संख्या 142/26 दर्ज कर आरोपी पास्कल टोपनो (पिता दिवंगत जोसफ टोपनो) को गिरफ्तार कर लातेहार मंडल कारा भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.