‘जो खेलेगा वो खिलेगा’, PM मोदी ने युवा एथलीटों से कहा- 2036 ओलंपिक के लिए अभी से तैयार हों खिलाड़ी

HIGHLIGHTS
- पीएम मोदी ने युवा एथलीटों को ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ में संबोधित किया।
- प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जो खेलेगा वो खिलेगा।’
- 2036 ओलंपिक के लिए अभी से खिलाड़ियों को तैयार करने पर जोर दिया।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘खेलो इंडिया डायलॉग - खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम के तहत युवा एथलीटों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि जो खेलेगा वो खिलेगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के नाम से ही उनके राज्य और शहर की पहचान होती है। प्रधानमंत्री ने सभी को राष्ट्रीय खेल दिवस की भी शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों में वर्चुअल माध्यम से हुआ। इसमें आईआईटी, आईआईएम, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय शामिल हुए। इस पहल में जमीनी स्तर पर खेल ढांचे को मजबूत करने, कोचिंग और प्रतियोगिता के अवसर बढ़ाने, 2036 ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए प्रतिभाओं की पहचान और विकास, गवर्नेंस व नेतृत्व में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा युवाओं को भविष्य के लिए जरूरी स्किल्स, वॉलंटियरिंग के अवसर और देश निर्माण के रास्ते उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
ओलंपिक में भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
युवा एथलीटों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2036 ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों को तैयार करना है। प्रतिभाओं की पहचान के लिए टैलेंट हब कार्यक्रम चलाना है। उन्होंने कहा कि हर खेल में पदक हासिल करने के लिए भारत को खेलों में महारत हासिल करनी होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेडल टैली बढ़ाने के लिए हर खेल में आगे बढ़ना जरूरी है। पांच से 15 साल की उम्र के खिलाड़ियों की पहचान करनी होगी। उन्होंने कहा कि खेल के लिए जो भी मदद जरूरी होगी, सरकार उसमें सहयोग करेगी। ओलंपिक में भारत की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देना होगा और इसके लिए सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता देगी।
सरकार की तरफ से दी जाएगी ट्रेनिंग
पीएम मोदी ने कहा कि खेलों को लेकर समाज का नजरिया बदला है। एक अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए नशे से दूर रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत के युवाओं पर पूरा भरोसा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पहचानना जरूरी है कि कौन सा बच्चा किस खेल के लिए फिट है। स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार की ओर से युवा खिलाड़ियों को ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
'ड्रग की समस्या से निपटने में खेलों की भूमिका'
पीएम मोदी ने कहा कि जब 2036 ओलंपिक की बात करते हैं तो खिलाड़ियों को अभी से तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि कड़वी सच्चाई यह है कि अतीत में भारत ने ओलंपिक में शामिल होने वाली आधी प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा नहीं लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह खेलों की बात करते हैं तो उनका मतलब केवल पदक जीतने से नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे पैरा खिलाड़ी इस बात की मिसाल हैं कि खेल किस तरह जीवन बदल सकता है और वह उनसे प्रेरित महसूस करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ड्रग की समस्या से निपटने में खेलों की बड़ी भूमिका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.