JPSC-JSSC आंदोलन: देवेंद्र नाथ महतो की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल भेजे गए; विधानसभा गेट पर फिर लाठीचार्ज

HIGHLIGHTS
- देवेंद्र नाथ महतो पिछले 17 दिनों से सत्याग्रह और नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
- तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
- विधानसभा गेट नंबर-1 के पास बड़ी संख्या में छात्र धरने पर बैठे थे।
- छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने पहले अपील की, फिर सख्ती की।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इसी बीच झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान शाम के समय एक बार फिर छात्रों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। विधानसभा के गेट नंबर-1 के पास धरने पर बैठे सैकड़ों छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों में काफी नाराजगी है और उन्होंने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है।
देवेंद्र नाथ महतो की अचानक बिगड़ी तबीयत
प्रदर्शन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उनके समर्थक भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। महतो ने बताया कि वह 17 दिनों से सत्याग्रह कर रहे हैं और पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
उन्होंने कहा, 'लाठी, गोली, बंदूकों से सरकार नहीं चलती है। सरकार जनता को संतुष्ट रखकर चलती है।' महतो ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रताड़ित किया गया और जबरन एंबुलेंस में बैठाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
विधानसभा गेट के पास बैठे छात्रों पर पुलिस ने की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा के गेट नंबर-1 के पास बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने पहले उनसे गेट के आसपास से हटने की अपील की। बार-बार कहने के बावजूद जब छात्र वहां से नहीं हटे तो पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए सख्ती की।
इसके बाद पुलिस ने छात्रों को वहां से खदेड़ते हुए जगन्नाथ मंदिर की तरफ भेज दिया।
लाठीचार्ज और भगदड़ में कई छात्रों के घायल होने का दावा
पुलिस की कार्रवाई के दौरान लाठीचार्ज और भगदड़ की स्थिति बन गई। इसमें कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि दर्जनों छात्रों को चोट लगी है। भगदड़ के दौरान कई छात्र गिर गए। कुछ छात्राओं के भी घायल होने की सूचना है।
छात्रों ने कहा- अब सीधे मुख्यमंत्री से होगी बातचीत
लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने कहा कि अब सरकार के साथ किसी अन्य स्तर पर बातचीत नहीं की जाएगी। छात्रों ने साफ किया कि अगर बातचीत होगी तो सीधे मुख्यमंत्री के साथ होगी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आंदोलन को और व्यापक और तेज करने का ऐलान किया।
दिन में भी कई बार बिगड़े हालात
सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान दिन में भी कई बार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर लाठीचार्ज भी किया गया।
JPSC-JSSC के मुद्दे पर बढ़ सकता है आंदोलन
विधानसभा गेट के पास शाम को हुई पुलिस कार्रवाई और देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद JPSC-JSSC को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन और ज्यादा गरमा गया है। प्रदर्शनकारी छात्रों के रुख से संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र हो सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.