‘अभी मुझे शांति से मरने दो': त्विषा का मौत से पहले भाभी को आखिरी मैसेज

HIGHLIGHTS
- CBI की चार्जशीट में 150 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं।
- जांच में 30 अप्रैल से 12 मई तक के WhatsApp संदेशों को भी साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है।
- चार्जशीट में त्विषा की मौत से कुछ मिनट पहले भेजे गए आखिरी संदेश का भी उल्लेख है।
भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भोपाल जिला अदालत में चालान पेश किया है। चालान में त्विषा की सास और सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह तथा उनके बेटे और त्विषा के पति अधिवक्ता समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या, प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत विभिन्न धाराओं में आरोप लगाए गए हैं।
सीबीआई के चालान में 150 से अधिक गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं। इनमें गिरिबाला सिंह के बड़े बेटे की पहली पत्नी का बयान भी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि संतान नहीं होने पर उन्हें बांझ कहकर प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया।
मौत से कुछ मिनट पहले भाभी को भेजा आखिरी मैसेज
चार्जशीट में त्विषा शर्मा की ओर से मौत से कुछ मिनट पहले अपनी भाभी राशि को भेजा गया आखिरी मैसेज भी शामिल है। त्विषा ने लिखा था- "उससे कहो कि अपनी पत्नी के बचे हुए हिस्से समेट ले, लेकिन कल... अभी मुझे शांति से मरने दो।"
इससे पहले भी त्विषा ने अपनी भाभी को मैसेज भेजकर पति समर्थ पर सारी हदें पार करने का आरोप लगाया था। उन्होंने खुद को बेहद घुटन में महसूस करने और जिंदगी खत्म करने का रास्ता तलाशने की बात कही थी।
सीबीआई ने 30 अप्रैल से 12 मई तक, यानी त्विषा की मौत से कुछ मिनट पहले तक, उनकी मां, भाभी और अन्य परिजनों को भेजे गए वाट्सऐप संदेशों को तारीख और समय के साथ चार्जशीट में शामिल किया है। जांच एजेंसी ने इन संदेशों को दहेज हत्या और प्रताड़ना के आरोपों से जुड़े साक्ष्य के तौर पर पेश किया है।
30 अप्रैल
त्विषा ने अपनी मां को भेजे संदेश में लिखा था कि समर्थ उनसे बात नहीं कर रहे हैं और भोपाल बुलाकर फिर से नाटक कर रहे हैं। उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने और प्लेन में भी एंग्जायटी अटैक आने की बात कही थी। त्विषा ने अपनी मां से कहा था कि उनका जीवन नरक हो गया है।
7 मई
तड़के 3:01 से 3:09 बजे के बीच मां को भेजे संदेश में त्विषा ने कहा था कि मां उन्हें अगले दिन वहां से लेने आ जाएं। उन्होंने लिखा कि उन्हें नहीं लगता कि समर्थ अब उन्हें चाहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि समर्थ ने कहा है कि वह एक साल से उन्हें झेल रहे हैं।
त्विषा ने मां से कहा था कि अभी पिता को साथ न लाएं और चुपचाप वहां से निकलें। सुबह 7:02 बजे उन्होंने मां को लिखा कि जिस बात का उन्हें यकीन था, वह आज हो गई। सुबह 11:11 बजे भाभी राशि को भेजे संदेश में त्विषा ने लिखा कि समर्थ ने फिर वही व्यवहार शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह टूट रही हैं और उन्हें वहां अपना कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा।
8 मई
दोपहर 3:42 से 3:45 बजे के बीच मां को भेजे संदेश में त्विषा ने लिखा कि उन्हें लगता है कि बच्चे के बिना समर्थ की नजर में उनकी कोई इज्जत नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि बच्चे के बाद समर्थ उन्हें पागल साबित करके बच्चा उनसे छीन सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समर्थ ने उनके बारे में परिवार के सामने बहुत कुछ बताया है।
9 मई
दोपहर 3:48 से 4:25 बजे के बीच मां को भेजे संदेश में त्विषा ने बताया कि समर्थ उनसे गर्भपात को लेकर सवाल कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि वह इन सब चीजों के बीच पागल हो जाएंगी और उनसे यह सब नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बहुत घुटन होने और दर्द के बावजूद समर्थ द्वारा उन्हें नाटक करने की बात कहे जाने का भी उल्लेख किया।
शाम 6:59 से 7:03 बजे के बीच भाभी राशि को भेजे संदेश में त्विषा ने लिखा कि उन्हें नहीं लगता कि अब यह रिश्ता चल पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि समर्थ ने सारी हदें पार कर दी हैं और गर्भपात को लेकर उनसे आपत्तिजनक सवाल किया। त्विषा ने कहा कि उनका दम घुट रहा है और उन्हें खुद को खत्म करने की हिम्मत मिल जाएगी।
रात 9:15 बजे मां को भेजे संदेश में उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी फैसले को रद्द कर दें, क्योंकि उन्हें डर है कि विवाद और बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि पहले माहौल शांत होने दिया जाए, उसके बाद कोई फैसला लिया जाए।
11 मई
सुबह 11:21 से 11:42 बजे के बीच मां को भेजे संदेश में त्विषा ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों को लगता है कि वह ड्रग्स लेती हैं, इसलिए उनका मूड खराब रहता है। उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत ज्यादा घुटन हो रही है और उनकी जिंदगी में आग लगी हुई है।
शाम 7:35 से 7:39 बजे के बीच उन्होंने मां को बताया कि गिरिबाला और समर्थ आपस में ऐसे बात कर रहे हैं, जैसे कुछ हुआ ही नहीं है। उन्होंने कहा कि अब उनका कहीं भी मन नहीं लगता और कुछ भी अच्छा नहीं लगता।
12 मई
12 मई की रात आत्महत्या से कुछ मिनट पहले, रात 9:36 बजे त्विषा ने भाभी राशि को अपना आखिरी संदेश भेजा। इसमें उन्होंने लिखा- "उससे कहो कि अपनी पत्नी के बचे हुए हिस्से समेट ले, लेकिन कल... अभी मुझे शांति से मरने दो।"
12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में त्विषा शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। सीबीआई की चार्जशीट में उनके मायके पक्ष की ओर से लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों के साथ वाट्सऐप संदेशों, गवाहों के बयानों और अन्य साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है।
गिरिबाला पर बेटे को उकसाने का आरोप
सीबीआई के अनुसार, गिरिबाला सिंह पर त्विषा को प्रताड़ित करने के लिए अपने बेटे समर्थ को उकसाने का आरोप है। चालान में कहा गया है कि वह कथित तौर पर अपने बेटे का बचाव करती थीं और जब भी त्विषा पति के खिलाफ शिकायत करती थीं, तो उसका समर्थन करती थीं।
व्यवहार संबंधी विश्लेषण और फोरेंसिक मनोवैज्ञानिक जांच के आधार पर सीबीआई ने कहा है कि त्विषा ने पति और सास की कथित मानसिक प्रताड़ना के कारण निराशा, लगातार मानसिक पीड़ा और अकेलेपन का सामना किया।
जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि समर्थ कथित तौर पर त्विषा के साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते थे और शादी से पहले उनके पुराने रिश्तों को लेकर उनके चरित्र पर सवाल उठाते थे। सीबीआई के अनुसार, त्विषा ने शादी से पहले अपने अतीत के बारे में पूरी पारदर्शिता बरती थी।
सीबीआई ने और क्या उल्लेख किया?
सीबीआई ने कथित दुर्व्यवहार के कई मामलों का भी उल्लेख किया है। इनमें त्विषा के गर्भवती होने की जानकारी देने के बाद समर्थ की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और गर्भपात के बाद भारी रक्तस्राव होने पर उनके नाटक करने की बात कहने का आरोप शामिल है।
सीबीआई के मुताबिक, मां-बेटे ने त्विषा पर अपनी डीमैट बचत से 20 लाख रुपये समर्थ के खाते में ट्रांसफर करने का दबाव भी बनाया था।
मार्च 2026 में त्विषा के पिता को हार्ट अटैक आने के बाद वह उनकी देखभाल कर रही थीं। इसके बावजूद, सीबीआई के अनुसार, कथित प्रताड़ना जारी रही। परिवार की ओर से मामले को सुलझाने के लिए किए गए पहले के प्रयास भी सफल नहीं हुए।
अप्रैल में त्विषा के भाई हर्षित, एक अन्य भाई और उनकी मां ने गिरिबाला से मुलाकात कर त्विषा के साथ कथित प्रताड़ना को लेकर बात की थी। दोनों परिवारों के बीच दंपती के रिश्ते सुधारने के लिए काउंसलिंग कराने पर सहमति बनी थी, लेकिन इसके बाद भी कथित प्रताड़ना जारी रहने का आरोप है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.