गुवाहाटी में नवविवाहिता की हत्या, पति पर सिर काटकर फ्रिज में रखने का आरोप

HIGHLIGHTS
- घटना गुवाहाटी के एक अपार्टमेंट में सामने आई।
- पड़ोसियों ने फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत की थी।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट का ताला तोड़ा।
दिसपुर। असम के गुवाहाटी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी के कुछ ही महीने बाद एक नवविवाहिता की उसके पति ने कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोपी पति पर पत्नी की उंगलियां काटने और उसका सिर काटकर फ्रिज में रखने का आरोप है।
मामले का खुलासा रविवार को उस समय हुआ, जब पड़ोसियों ने फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत की। सूचना मिलने के बाद पुलिस अपार्टमेंट पहुंची और फ्लैट का ताला तोड़ा। अंदर महिला का सिर कटा शव मिला। उसकी उंगलियां भी आधी कटी हुई थीं और शव सड़ना शुरू हो गया था।
फ्रिज में मिला महिला का सिर
मृतका की पहचान रिया तालुकदार के तौर पर हुई है। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो फ्रिज में रखे पॉलिथीन बैग के अंदर महिला का सिर बरामद हुआ।
दो दिनों से नजर नहीं आए थे पति-पत्नी
जानकारी के मुताबिक, दंपती की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और इसके बाद दोनों इसी अपार्टमेंट में रह रहे थे। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पिछले दो दिनों से पति-पत्नी को नहीं देखा था। दोनों के फोन भी बंद थे। पड़ोसियों ने उन्हें आखिरी बार शुक्रवार को देखा था।
घटना के बाद फरार पति ने रविवार रात पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में जुटी
जांचकर्ताओं द्वारा आरोपी का बयान दर्ज किया जा रहा है और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर उसकी पुष्टि किए जाने की उम्मीद है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने हत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है। यह जानकारी भी सामने नहीं आई है कि किन परिस्थितियों में आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.