रांची में प्याज के दाम में उछाल, थोक में 42 और खुदरा में 50 रुपये किलो तक पहुंचा भाव

HIGHLIGHTS
- पंडरा थोक मंडी में 14 अगस्त को प्याज 28 से 30 रुपये किलो था।
- कुछ ही दिनों में थोक भाव बढ़कर 42 रुपये किलो तक पहुंच गया।
- रांची में प्याज की आपूर्ति मुख्य रूप से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से हो रही है।
रांची। राजधानी के बाजार में पिछले कुछ दिनों से प्याज की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पंडरा थोक मंडी में प्याज फिलहाल 35 से 42 रुपये किलो तक बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में इसका भाव 45 से 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है। कारोबारियों के मुताबिक, नई फसल की आवक में देरी के कारण कीमतों में तेजी आई है।
पंडरा आलू-प्याज व्यवसायी संघ के सचिव रोहित कुमार ने बताया कि आमतौर पर सावन की शुरुआत तक दक्षिण भारत की मंडियों से प्याज की नई फसल रांची पहुंचने लगती थी। इस साल नई फसल आने में देरी हो रही है। इससे बाजार में मौजूद प्याज पर दबाव बढ़ा है और कीमतों में इजाफा हुआ है।
दो सप्ताह बाद राहत की उम्मीद
कारोबारियों का कहना है कि दक्षिण भारत से प्याज की नई फसल अगले दो सप्ताह के भीतर मंडियों में पहुंच सकती है। नई फसल की आवक शुरू होने के बाद बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ने और कीमतों में कमी आने की उम्मीद है।
ऐसे में उपभोक्ताओं को फिलहाल करीब दो सप्ताह इंतजार करना पड़ सकता है। प्याज के दामों में तेजी 13 और 14 अगस्त से शुरू हुई थी। 14 अगस्त को पंडरा थोक मंडी में प्याज 28 से 30 रुपये किलो बिक रहा था।
कुछ ही दिनों में इसका भाव बढ़कर 42 रुपये किलो तक पहुंच गया। फिलहाल रांची में प्याज की आपूर्ति मुख्य रूप से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से हो रही है।
रोज पहुंच रहे 10 से 12 ट्रक
संघ के सदस्यों के मुताबिक, रांची की मंडियों में रोजाना करीब 10 से 12 ट्रक प्याज पहुंच रहे हैं। सावन के कारण आवक में मामूली कमी जरूर रही, लेकिन इसका थोक बाजार पर खास असर नहीं पड़ा है।
पंडरा मंडी में सफेद आलू 7 से 8 रुपये, लाल आलू 10 से 12 रुपये और एलटी आलू 11 से 14 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं लहसुन की कीमत 60 से 170 रुपये किलो और अदरक 130 से 140 रुपये किलो है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.