पटियाला में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 6 साल की बच्ची की मौत; 25 लोग घायल

HIGHLIGHTS
- पटियाला में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी पलटी
- हादसे में छह वर्षीय बच्ची की मौत, करीब 25 श्रद्धालु घायल
- घायलों का राजिंदरा अस्पताल में चल रहा इलाज
पटियाला। पटियाला में बुधवार को श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। गुरुद्वारा आलोवाल साहिब में माथा टेककर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी भादसों मार्ग पर अचानक पलट गई।
इस दुर्घटना में छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि करीब 25 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में से 20 लोगों का इलाज राजिंदरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सभी श्रद्धालु पटियाला के रामगढ़ सरदारा गांव अमरगढ़ के रहने वाले बताए गए हैं।
मोड़ पर बिगड़ा वाहन का संतुलन
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु गुरुद्वारा आलोवाल साहिब में माथा टेकने के बाद पिकअप गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी के पिछले हिस्से की बॉडी खुली हुई थी और ज्यादातर श्रद्धालु उसी हिस्से में खड़े होकर सफर कर रहे थे।
भादसों मार्ग पर एक मोड़ के दौरान चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसा अचानक होने के कारण पीछे खड़े कई श्रद्धालु सड़क पर गिर गए और कुछ लोग गाड़ी के नीचे दब गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घायलों को तुरंत राजिंदरा अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने छह वर्षीय बच्ची को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादातर घायलों को हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की उंगलियां भी कट गईं, जिनका उपचार किया जा रहा है।
मंत्री बलबीर सिंह ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह राजिंदरा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली।
मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस ने शुरू की जांच
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि गाड़ी के पीछे खड़े यात्रियों का अधिक भार और मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह हो सकता है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन में तय क्षमता से ज्यादा लोग तो सवार नहीं थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.