सहारनपुर में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

HIGHLIGHTS
- सरसावा क्षेत्र में शाहजहांपुर-नकुड़ मार्ग पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार 36 वर्षीय युवक प्रवीण कुमार की मौत हो गई।
- हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
- प्रवीण की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, उनके सात और चार साल के बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया।
सहारनपुर: सरसावा क्षेत्र में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। शाहजहांपुर-नकुड़ मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
यमुनानगर से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, साल्हापुर गांव निवासी 36 वर्षीय प्रवीण कुमार सोमवार रात यमुनानगर से बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। जब वह कुतुबपुर गांव के पास पहुंचे, तभी नकुड़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक डंपर के नीचे फंस गई और प्रवीण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रवीण को राजकीय चिकित्सालय ले गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
सात और चार साल के बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
प्रवीण के भाई मुकेश ने बताया कि वह खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। करीब तीन साल पहले उनकी पत्नी का भी निधन हो गया था। अब प्रवीण की मौत के बाद उनके सात वर्षीय बेटे और चार वर्षीय बेटी ने माता-पिता दोनों को खो दिया है।
तहरीर के बाद दर्ज होगा मुकदमा
जांच अधिकारी प्रवेश कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.