सहारनपुर: फेसबुक पर लाइव आकर जहरीला पदार्थ खा युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास

सहारनपुर: अंबेहटा के टिडौली गांव के कादिर राणा ने सोशल मीडिया पर लाइव आते हुए जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत गंभीर हो गई। कादिर ने इस लाइव वीडियो में चार लोगों पर सात लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण तुरंत पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वर्तमान में उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रविवार को फेसबुक पर अपलोड किए गए चार मिनट 26 सेकेंड के वीडियो में कादिर किसी वाहन में बैठे दिखाई दे रहे हैं। वह चार व्यक्तियों का नाम लेकर उन पर अपना धन हड़पने का आरोप लगाते हैं। वीडियो में वह अपने जानने वालों से अपील करते हुए कहते हैं कि उनके बच्चों का ख्याल रखा जाए और उनके पैसे वापस लिए जाएं। इसके बाद उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन किया और वीडियो वहीं समाप्त हो गई।
वीडियो अपलोड करने के बाद कादिर ने अपना मोबाइल बंद कर दिया। परिजन और रिश्तेदारों में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश शुरू की गई। लगभग डेढ़ घंटे बाद वह गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर जंगल में बेहोशी की हालत में मिला। उसे गंगोह के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कादिर ने वीडियो में जिन चार लोगों पर आरोप लगाए, वे अंबेहटा के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, पैसे किस प्रकार हड़प लिए गए, इसका वीडियो में विवरण नहीं है। कादिर के चाचा ने पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को उनके घरों पर नहीं पाया गया है और इस मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.