सत्य निकेतन PG हादसा: पुलिस ने मालिक हरि ओम बंसल को भिवाड़ी से किया गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- पांच मंजिला इमारत में बड़ी संख्या में छात्र रह रहे थे।
- मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी।
- बचाव अभियान के दौरान मलबे से लोगों को बाहर निकाला गया।
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत गिरने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इसके मालिक हरि ओम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है।
विशेष पुलिस आयुक्त नीरज ठाकुर ने हरि ओम बंसल की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हादसे के बाद से ही पुलिस की कई टीमें इमारत के मालिक की तलाश कर रही थीं। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार, सत्य निकेतन में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे पांच मंजिला पीजी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। इस इमारत में बड़ी संख्या में छात्र रह रहे थे।
हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी। बचाव अभियान के दौरान मलबे से लोगों को बाहर निकाला गया। सोमवार तक इस हादसे में सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
कई महीनों से जारी था निर्माण कार्य
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस इमारत में पीजी संचालित हो रहा था, उसमें पिछले कुछ समय से मरम्मत और निर्माण का काम चल रहा था। खासतौर पर बेसमेंट में निर्माण कार्य किए जाने की बात सामने आई है।
जांच में यह आशंका जताई गई है कि भारी बारिश के चलते बेसमेंट में पानी जमा होने और लगातार निर्माण कार्य होने से इमारत की संरचना कमजोर हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी शुरुआती तौर पर बेसमेंट में पानी भरने से ढांचे पर असर पड़ने की बात कही थी।
जांच एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि बेसमेंट और इमारत के अन्य हिस्सों में निर्माण के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं। इसके अलावा अतिरिक्त मंजिलों के निर्माण और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद मालिक पर दर्ज हुई FIR
इमारत ढहने के बाद पुलिस ने मालिक हरि ओम बंसल सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मालिक की पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें तैनात की थीं।
पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में उसकी तलाश की। इसके बाद पुलिस टीम ने आखिरकार हरि ओम बंसल को भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया।
सत्य निकेतन में बड़ी संख्या में PG और हॉस्टल
दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के नजदीक होने के कारण सत्य निकेतन लंबे समय से छात्रों के लिए प्रमुख आवासीय क्षेत्र रहा है। यहां छोटी-छोटी आवासीय संपत्तियों में बड़ी संख्या में पीजी, निजी हॉस्टल, दुकानें और खाने-पीने की दुकानें संचालित होती हैं।
छात्रों की बढ़ती संख्या के साथ इलाके में कई मकानों का स्वरूप भी बदला है और कई जगह अतिरिक्त निर्माण किया गया। इमारत गिरने की घटना के बाद क्षेत्र में संचालित पीजी और बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एमसीडी ने चार मंजिल से अधिक की अवैध निर्माण वाली इमारतों को सील करने के निर्देश दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.