केएमपी एक्सप्रेसवे हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत, भाई और नाती का छलका दर्द

HIGHLIGHTS
- श्रद्धालु शुक्रवार को मैनपुरी से धार्मिक यात्रा पर निकले थे।
- सोमवार शाम खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर के दर्शन किए गए थे।
- पिकअप में यात्रियों के बैठने और सोने की व्यवस्था ऊपर-नीचे दोनों जगह थी।
यूपी: विजय चांदा की मौत ने उनके बड़े भाई गजराज सिंह को पूरी तरह तोड़ दिया है। भाई को खोने का दुख इतना गहरा है कि वह खुद को संभाल नहीं पा रहे हैं। रोते-रोते वह अपने सिर पर हाथ मारते हुए कहते हैं, ‘मेरा प्यारा भाई मुझे छोड़कर चला गया। मैं उसे सीने से लगाकर रखता था।’
गजराज सिंह बताते हैं कि दोनों भाइयों के बीच बहुत गहरा लगाव था। जब भी समय मिलता, दोनों खेत में लगे समर के पास बैठते थे। वहीं खेती-किसानी को लेकर बातें होती थीं और दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख साझा करते थे। अब वही जगह और भाई के साथ बिताए पल उनकी आंखों के सामने घूम रहे हैं।
‘जब भी समय मिलता था, हम दोनों समर के पास बैठकर अपना सुख-दुख बांटते थे। मेरा भाई मुझे छोड़कर चला गया।’ इतना कहते ही गजराज फिर फफक पड़े। पास खड़े विजय के नाती यश को उन्होंने अपने सीने से लगा लिया। शायद भाई को खोने और यश के सिर से बाबा का साया उठ जाने का दर्द उस पल एक साथ सामने आ गया।
बाबा ने कहा था- तेरे लिए कड़ा लेकर आऊंगा...
विजय के इकलौते नाती यश के लिए उसके बाबा केवल दादा नहीं, बल्कि सबसे खास थे। विजय भी यश से बेहद प्यार करते थे। यात्रा पर निकलने से पहले बाबा ने यश से कहा था, ‘तेरे लिए कड़ा लेकर आऊंगा।’
यश को पूरा भरोसा था कि बाबा लौटकर आएंगे और उसके लिए उपहार लेकर आएंगे। वह उसी इंतजार में था। लेकिन बाबा के लौटने से पहले ही उनकी मौत की खबर घर पहुंच गई। जिस हाथ में यश को बाबा का दिया कड़ा आना था, वह हाथ अब कभी वापस नहीं आएगा। यश की आंखों में बाबा के लौटने की उम्मीद और परिवार की आंखों में उन्हें खोने का दर्द साफ नजर आ रहा है। एक मासूम का सबसे प्यारा रिश्ता अचानक हमेशा के लिए उससे दूर हो गया।
खड़े ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, छह की मौत
फरीदाबाद में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के श्रद्धालु शुक्रवार को धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद वे मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार तड़के केएमपी एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने के कारण पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान विजय सिंह यादव (65), राजकुमार (40), रेशमा देवी (50), कमला देवी (60), सुधा (45) और महेश (50) के रूप में हुई है। घायलों में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं। बताया गया कि पिकअप में नीचे और ऊपर दोनों जगह यात्रियों के बैठने और सोने की व्यवस्था थी।
टक्कर के वक्त ऊपर सो रहे यात्री नीचे गिर गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद ट्रक चालक और पिकअप चालक सुधीर फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि ट्रक चालक और पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.