NEET पेपर लीक के विरोध में मुंगेर में छात्रों का प्रदर्शन, समाहरणालय पहुंचकर की नारेबाजी

HIGHLIGHTS
- NEET पेपर लीक और दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में मुंगेर में छात्रों ने निकाला मार्च।
- प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
- समाहरणालय पहुंचकर छात्रों ने धरना दिया, पुलिस ने स्थिति संभाली।
मुंगेर: NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को मुंगेर में छात्रों का आक्रोश देखने को मिला। आरडी एंड डीजे कॉलेज से निकाले गए विरोध मार्च में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा शामिल हुए।
विरोध मार्च शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा। इस दौरान कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने सरकारी प्रचार से जुड़े होर्डिंग के पोस्टर फाड़ दिए। वहीं, समाहरणालय के बाहर छात्रों ने धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
तिरंगा और क्रांतिकारियों की तस्वीरें लेकर निकले छात्र
आरडी एंड डीजे कॉलेज के पास जुटे छात्र और युवा हाथों में तिरंगा तथा महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की तस्वीरें लेकर मार्च में शामिल हुए।
जुलूस मां अंबे चौक, गोला रोड, कस्तूरबा वाटर वर्क्स चौक, भगत सिंह चौक, एक नंबर ट्रैफिक होते हुए किला और शहीद स्मारक के रास्ते समाहरणालय पहुंचा। पूरे रास्ते छात्र शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्र हितों को लेकर नारे लगाते रहे।
पेपर लीक की जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि मेहनत करने वाले लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
छात्रों ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। एक छात्रा ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों के शासनकाल में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, इसलिए पूरी व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।
किला के पास कुछ छात्र हुए उग्र
विरोध मार्च शुरुआत में शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था, लेकिन किला मुख्य द्वार के पास कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। इस दौरान सड़क किनारे लगे सरकारी प्रचार वाले होर्डिंग के पोस्टर फाड़ दिए गए।
मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। हालांकि, किसी भी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया।
एसपी ने छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की
समाहरणालय के मुख्य गेट पर छात्र धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। भीड़ को देखते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद मौके पर पहुंचे और छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की।
इसी दौरान भीड़ की ओर से पानी की एक बोतल एसपी की तरफ फेंकी गई, हालांकि वह उन्हें नहीं लगी।
एसपी ने बताया कि छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन डीएम को सौंपा है। उन्होंने कहा कि विरोध मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.