सूरत में पूर्व एयर होस्टेस 977 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार, डायपर में छिपाकर ले जा रही थी खेप

HIGHLIGHTS
- सूरत क्राइम ब्रांच को कार में ड्रग्स ले जाने की सूचना मिली थी।
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के टोल पोस्ट पर संदिग्ध कार को रोका गया।
- तलाशी के दौरान बच्चों के डायपर से ड्रग्स बरामद हुई।
सूरत। मुंबई की रहने वाली पूर्व एयर होस्टेस को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सूरत क्राइम ब्रांच ने उसके पास से 977 ग्राम ड्रग्स बरामद की है। आरोपी की पहचान मानसी सैयद के रूप में हुई है।
मानसी को इससे पहले भी ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके दोस्त सोहेल सुलेमान शेख को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों की योजना ड्रग्स को मुंबई ले जाकर वहां बेचने की थी।
क्राइम ब्रांच को मिली सूचना
सोमवार को सूरत क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स ले जाई जा रही है। एमडी ड्रग को मेफेड्रोन भी कहा जाता है। यह कार वडोदरा से मुंबई की ओर जा रही थी।
सूचना मिलने के बाद टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के एक टोल पोस्ट पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध अर्टिगा कार को रोका गया। तलाशी में कार से 977 ग्राम ड्रग्स बरामद हुई। ड्रग्स को बच्चों के डायपर में छिपाकर रखा गया था। कार में मानसी और सोहेल मौजूद थे।
मुंबई से किराए पर ली थी कार
पुलिस को कार से कई मोबाइल फोन के अलावा ड्रग्स की पैकेजिंग के लिए कंटेनर और प्लास्टिक बैग भी मिले। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने मुंबई से कार किराए पर ली थी और ड्रग्स लेने के लिए वडोदरा गए थे।
दोनों ने बताया कि उन्होंने वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास एक महिला से ड्रग्स खरीदी थी। इसके बाद ड्रग्स को मुंबई ले जाकर 10-10 ग्राम के पैकेट में तैयार कर बेचने की योजना थी। मानसी मलेशियाई एयरलाइंस में काम कर चुकी थी और सोहेल को कई वर्षों से जानती थी। दोनों मुंबई के सांताक्रूज में रहते थे।
मानसी 2015 से इस धंधे में सक्रिय थी। 2021 में इंदौर पुलिस ने 100 ग्राम ड्रग्स मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया था और उसने चार साल जेल में बिताए थे। अब पुलिस ड्रग्स की खेप पहुंचाने वाली महिला की तलाश कर रही है।




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.