तेलंगाना में GO 97 पर घमासान, पॉलिटेक्निक छात्रों ने खोला मोर्चा; विधानसभा घेराव की चेतावनी

HIGHLIGHTS
- सिकंदराबाद में पॉलिटेक्निक छात्रों ने प्रदर्शन किया।
- छात्र GO 97 को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
- 59 सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों से जुड़े लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।
दिल्ली से शुरू हुए जेन-जी आंदोलन का असर देश के कई छात्रों पर भी देखने को मिला है। इसके बाद अलग-अलग जगहों पर जेन-जी छात्रों ने प्रदर्शन किए और अपने अधिकारों के लिए धरने पर बैठने का रास्ता अपनाया। इसी क्रम में तेलंगाना के पॉलिटेक्निक छात्रों ने भी कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सिकंदराबाद के संगीत एक्स रोड्स पर पॉलिटेक्निक छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र तेलंगाना सरकार से GO 97 वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस की तैनाती की गई। इससे पहले गुरुवार को तेलंगाना पॉलिटेक्निक स्टूडेंट्स जेएसी के नेतृत्व में धरना चौक पर भी बड़ा प्रदर्शन हुआ था। इसमें 59 सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों के छात्र, पूर्व छात्र, अभिभावक और सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट रूप से GO 97 को बिना शर्त वापस लेने की मांग की।
GO 97 क्या है और इसका विरोध क्यों हो रहा?
GO 97 पॉलिटेक्निक कॉलेजों की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव से जुड़ा आदेश है। छात्र इस बदलाव को लेकर अपनी शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जता रहे हैं।
- छात्रों का कहना है कि प्रस्तावित प्रशासनिक पुनर्गठन से पॉलिटेक्निक शिक्षा की अलग पहचान और मौजूदा व्यवस्था कमजोर हो सकती है।
- छात्रों की मांग है कि पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए अलग प्रशासनिक व्यवस्था को बरकरार रखा जाए।
- दूसरे वर्ष की छात्रा श्रावणी ने कहा कि सरकार भले ही पॉलिटेक्निक संस्थानों को वाईआईएसयू में विलय नहीं करने की बात कह रही हो, लेकिन GO 97 में उन्हें वाईआईएसयू के ढांचे और इकोसिस्टम के तहत लाने की बात कही गई है।
- छात्रों का कहना है कि नए कौशल ढांचे को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है और अधिकारियों के बीच भी पूरी जानकारी दिखाई नहीं दे रही है।
PPP मॉडल को लेकर छात्रों की चिंता
छात्रों ने प्रस्तावित सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी PPP मॉडल को लेकर भी सवाल उठाए हैं। छात्र नवीन रेड्डी ने आशंका जताई कि अगर कंपनियों और निजी संगठनों की विश्वविद्यालय के संचालन में भूमिका रहती है तो छात्रों के हितों की तुलना में मुनाफे को अधिक प्राथमिकता मिल सकती है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इस मामले की जांच कर रही उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों को सार्वजनिक करने और पॉलिटेक्निक व्यवस्था को सुरक्षित रखने की मांग की है।
सरकार को छात्रों की चेतावनी
पॉलिटेक्निक छात्रों ने कहा है कि यदि GO 97 वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। छात्रों ने तेलंगाना विधानसभा और सचिवालय का घेराव करने की चेतावनी भी दी है।
प्रदर्शन को विभिन्न समूहों का समर्थन मिला है। बीआरएस ने पॉलिटेक्निक छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा है कि वह आगामी तेलंगाना विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को उठाएगा।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने GO 97 वापस नहीं लिए जाने पर टैंक बंड पर बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी। सीजेपी दक्षिण भारत प्रभारी विजय मुल्लांगी ने भी सरकार से उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशें जारी करने और पॉलिटेक्निक व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.