उत्तर प्रदेश में बारिश का कहर, 53 की मौत; 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

HIGHLIGHTS
- लखीमपुर खीरी में 342 मिमी बारिश दर्ज की गई।
- बांदा और हमीरपुर में एक दिन की बारिश का रिकॉर्ड टूटा।
- कानपुर में 45 साल बाद इतनी अधिक बारिश दर्ज हुई।
उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश शनिवार शाम तक जारी रही। लगातार हुई बारिश से कई इलाकों में हालात बिगड़ गए। कई जगह कच्चे मकान गिर गए, जबकि पेड़ों और बिजली के पोल के गिरने से रास्ते बाधित हुए। बिजली के पोल उखड़ने और लाइनें टूटने के कारण कई जगह बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।
बारिश से जुड़े हादसों में प्रदेशभर में 53 लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को भी प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश होने के संकेत हैं। मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और बरेली में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तराई के नौ अन्य जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट है।
कानपुर में 45 साल का रिकॉर्ड टूटा
शनिवार को लखीमपुर खीरी में सबसे ज्यादा 342 मिमी बारिश दर्ज की गई। सीतापुर में 273.2, बांदा में 245.6 और बहराइच में 239 मिलीमीटर बारिश हुई। बांदा और हमीरपुर में एक दिन में हुई बारिश का अब तक का रिकॉर्ड टूट गया। हमीरपुर में 210 मिमी और बांदा में 245.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
कानपुर में भी 45 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां 175.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश से हुए हादसों में अवध क्षेत्र के जिलों में सबसे ज्यादा 26 मौतें हुईं। इनमें सीतापुर में छह, बहराइच में पांच, बलरामपुर और अयोध्या में चार-चार, बाराबंकी में तीन, गोंडा में दो तथा अमेठी और श्रावस्ती में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
ब्रज क्षेत्र के मैनपुरी में दो और एटा में एक व्यक्ति की जान गई। लखीमपुर खीरी में छह, गोरखपुर में पांच और हरदोई में चार लोगों की मौत हुई। हमीरपुर में तीन, जबकि महोबा, बांदा, जौनपुर, संतकबीरनगर, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
तापमान में गिरावट
लगातार बारिश के कारण कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। बरेली में अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सितंबर के प्रेक्षण इतिहास में सबसे कम है। इटावा, शाहजहांपुर, मुरादाबाद और आगरा में भी सितंबर का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से बारिश में कमी आने की संभावना है। रविवार को प्रदेश के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित
खराब मौसम के चलते वाराणसी में एयर इंडिया की एक उड़ान निरस्त रही। पटना जाने वाले दो विमानों को वाराणसी डायवर्ट किया गया। वहीं, लखनऊ आने वाली पांच उड़ानों को दिल्ली और एक उड़ान को नोएडा डायवर्ट किया गया।
रायबरेली में ऊंचाहार-फाफामऊ रेलखंड पर अरखा और परियावां स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का संचालन रुक गया। सुबह पांच बजे पेड़ हटाने के बाद रेल यातायात बहाल किया गया।
बस्ती में भी बारिश के दौरान शनिवार को गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर अलग-अलग जगहों पर पेड़ गिरने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ।
फसलों को नुकसान
लगातार बारिश से धान और बाजरा की फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ जिलों में सैकड़ों बीघे धान की फसल गिर गई। हमीरपुर में खेतों में बोई गई तिल की फसल पानी में डूबी मिली, जिसके बाद किसान परेशान नजर आए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.