समस्तीपुर में प्रसाद खाने के बाद बिगड़ी 30 लोगों की तबीयत, अस्पताल में भर्ती

HIGHLIGHTS
- उजान पंचायत के परड़ी गांव में सत्यनारायण पूजा का आयोजन हुआ था।
- पूजा के बाद लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
- प्रसाद खाने के कुछ समय बाद लोगों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी शुरू हुई।
समस्तीपुर। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर रहे लोगों को शायद अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में उन्हें अस्पताल जाना पड़ेगा। प्रसाद खाने के बाद बच्चों और वयस्कों की तबीयत एक-एक कर बिगड़ने लगी।
किसी को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई तो किसी को पेट दर्द और डायरिया की समस्या होने लगी। देखते ही देखते गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्वजन बीमार लोगों को लेकर अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचने लगे। करीब 30 लोगों के बीमार होने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है।
प्रसाद खाने के बाद शुरू हुई परेशानी
मामला बिथान प्रखंड की उजान पंचायत के परड़ी गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम सकल यादव के घर गुरुवार रात सत्यनारायण भगवान की पूजा आयोजित की गई थी। पूजा में आसपास के कई लोगों ने हिस्सा लिया। पूजा समाप्त होने के बाद सभी के बीच प्रसाद बांटा गया।
प्रसाद खाने के कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत खराब होने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की। इसके बाद कई लोग डायरिया और दस्त से परेशान हो गए। एक साथ कई लोगों के बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया।
बच्चों से लेकर वयस्क तक बीमार
प्रसाद खाने के बाद बीमार होने वालों में बच्चे और वयस्क दोनों शामिल हैं। तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। कुछ मरीजों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, जबकि कई लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
सीएचसी में करीब 30 मरीज भर्ती
बिथान के बीडीओ बबलू कुमार ने बताया कि राम सकल यादव के घर पूजा का प्रसाद खाने के बाद दो दर्जन से अधिक बच्चे और वयस्क फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित हुए हैं। करीब 30 मरीजों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिथान में इलाज चल रहा है। चिकित्सक सभी मरीजों की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता
एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। प्रसाद में किस वजह से फूड प्वाइजनिंग हुई, इसकी जांच की जा रही है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.