रायपुर में एक ही घर से मिले परिवार के 5 शव, पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच

HIGHLIGHTS
- रायपुर के संजय नगर में एक ही घर से परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
- पुलिस को प्रारंभिक जांच में सामूहिक आत्महत्या की आशंका है, लेकिन हत्या समेत सभी एंगल से जांच की जा रही है।
- मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं, एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। संजय नगर स्थित मस्जिद के पास एक मकान में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सामूहिक आत्महत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि परिवार के सदस्यों ने जहर खाकर जान दी होगी। हालांकि पुलिस हत्या और सामूहिक आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस ने पूरे मकान को सील कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एक शव फंदे से लटका मिला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली (50 वर्ष) का शव फंदे से लटका हुआ मिला। वहीं उनकी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली (19 वर्ष), बेटी शाहिदा बेगम (17 वर्ष) और इरशाबा परवीन (16 वर्ष) के शव एक कमरे से बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
मृतकों की पहचान
- साजिद अली, 50 वर्ष (पति)
- राबिया (पत्नी)
- इरशाद अली, 19 वर्ष (बेटा)
- शाहिदा बेगम, 17 वर्ष (बेटी)
- इरशाबा परवीन, 16 वर्ष (बेटी)
किराये के मकान में रहता था परिवार
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि घटना संजय नगर के मदनी चौक की है। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और किराये के मकान में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि परिवार ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। एफएसएल टीम भी मौके पर जांच कर रही है।
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
बताया जा रहा है कि परिवार करीब आठ महीने पहले सैयद जहीर के मकान में किराये पर रहने आया था। पड़ोसियों के अनुसार, बुधवार शाम से घर का दरवाजा नहीं खुला था। शक होने पर लोगों ने घर जाकर देखा, जहां एक कमरे में पांच लोगों के शव मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
यह परिवार शीतला मंदिर के पास मतपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
आर्थिक परेशानी की भी जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार, साजिद अली मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि परिवार पर कुछ कर्ज था और उसकी वसूली के लिए रिकवरी कर्मचारी अक्सर घर आते थे। आर्थिक परेशानी को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.