APO प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त, आरक्षण नियमों के अनुसार दोबारा बनेगी मेरिट सूची

HIGHLIGHTS
- इलाहाबाद हाईकोर्ट ने APO प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम निरस्त कर दिया।
- UPPSC को आरक्षण नियमों के अनुसार नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने का आदेश दिया गया।
- संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा आयोजित करनी होगी।
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम को रद्द कर दिया है। अदालत ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को आरक्षण नियमों के अनुसार नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने और संशोधित परिणाम के आधार पर दोबारा मुख्य परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया है। इससे पहले आयोग की ओर से 28 से 30 जून तक मुख्य परीक्षा कराई गई थी, लेकिन उसका परिणाम घोषित नहीं किया गया था।
कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि ओपन कैटेगरी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध होती है। इसमें अधिक अंक हासिल करने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को शामिल नहीं करना मनमाना और भेदभावपूर्ण है। यह आदेश न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम ने पंकज वर्मा और दो अन्य की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया।
याचिका में 30 अप्रैल को घोषित APO प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के साथ ही आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन को चुनौती दी गई थी। याचियों ने दलील दी थी कि आरक्षित वर्ग के ऐसे अभ्यर्थियों को भी ओपन कैटेगरी की मेरिट सूची में स्थान मिलना चाहिए, जिन्होंने सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। याचिकाकर्ताओं ने इसी आधार पर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से घोषित करने की मांग की थी।
हाईकोर्ट ने कहा कि ओपन कैटेगरी किसी भी वर्ग के लिए आरक्षित नहीं होती है। यदि आरक्षित वर्ग का कोई अभ्यर्थी सामान्य वर्ग के उम्मीदवार से अधिक अंक प्राप्त करता है, तो उसे ओपन कैटेगरी में जगह दी जानी चाहिए।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी अभ्यर्थी को प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के दौरान आरक्षित वर्ग में रखा जाए और केवल अंतिम चयन के समय ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाए, ऐसा नहीं किया जा सकता।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.