अखिलेश यादव का कांग्रेस से गठबंधन पर बड़ा बयान, बोले- जीत की संभावना वाली सीटें ही मिलेंगी

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने कहा कि सपा और कांग्रेस आगे भी मिलकर चुनाव लड़ेंगी।
- कांग्रेस को गठबंधन में वही सीटें मिलेंगी, जहां उसके जीतने की संभावना होगी।
- कांग्रेस ने 181 सीटों की सूची सौंपी थी, जबकि सपा ने 26 सीटों का ऑफर दिया है।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा का मुकाबला किया था और आगे भी दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस को गठबंधन में वही सीटें दी जाएंगी, जहां उसके जीतने की संभावना होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की ओर से जिन प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा चुके हैं, वे लगातार जमीन पर अपना वोट बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने मेहनती कार्यकर्ताओं को टिकट देने के लिए कांग्रेस से अनुमति नहीं लेगी। वोट बढ़ाने का यह काम एक दिन में पूरा नहीं होता। पार्टी का दावा है कि लगातार मेहनत करने वाले लोगों को ही टिकट दिया जाएगा।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच क्या बातचीत चल रही है, इसकी जानकारी सार्वजनिक करना जरूरी नहीं है। भाजपा को हराने के लिए सभी सेकुलर ताकतों को एकजुट होना चाहिए और दोनों दल इसी दिशा में काम कर रहे हैं।
सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में तकरार चरम पर
सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के सहारे खड़ी है और चुनावी वैतरणी भी सपा के समर्थन से ही पार कर सकती है। ऐसे में इंडिया गठबंधन के तहत उसे जितनी सीटें मिल रही हैं, उन्हें स्वीकार कर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित करने चाहिए।
वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बसपा सुप्रीमो मायावती की तारीफ कर इस विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है।
मौजूदा स्थिति में कांग्रेस ने अधिकतम सीटों की मांग की थी, लेकिन उसे न्यूनतम सीटों का प्रस्ताव मिला है। कांग्रेस ने 181 सीटों की सूची सौंपी थी, जबकि सपा ने उसे 26 सीटें देने का ऑफर दिया है। सपा नेतृत्व लगभग इतनी ही सीटें और देने के मूड में है। दूसरी ओर, कांग्रेस सीटों की संख्या को 100 के पार रखना चाहती है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं।
इस खींचतान के बीच दोनों दलों के नेताओं की ओर से बयानबाजी शुरू हो गई है। सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कांग्रेस को दो सीटों वाली पार्टी तक बता दिया। उन्होंने इमरान मसूद के बयानों को भी कांग्रेस नेतृत्व की साजिश करार दिया। उनका कहना था कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस नेतृत्व इमरान मसूद से बयान दिलवाकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर अकेले चुनाव लड़े तो एक सीट भी नहीं जीत पाएगी।
हम चाहते हैं मायावती साथ आएं: इमरान मसूद
गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि एसपी सिंह पटेल लोकसभा चुनाव राहुल गांधी की वजह से जीते थे। उन्होंने कहा कि 2019 में भी एसपी सिंह पटेल बिना गठबंधन के चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए इमरान मसूद ने बसपा प्रमुख मायावती को बड़ी नेता बताया। उन्होंने कहा, ''हम तो चाहते हैं कि वे साथ आएं।''
गौरतलब है कि 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान बसपा प्रमुख मायावती को गठबंधन करने और मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इस पर बात तक नहीं की थी। हालांकि, इमरान मसूद के ताजा बयान पर बसपा की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अखिलेश यादव बोले- भाजपा में भगवा परिवारवाद
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर परिवारवाद को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा में भगवा परिवारवाद है। उनके मुताबिक, पार्टी में 56 विधायक, 13 सांसद, 10 विधान परिषद सदस्य, चार राज्यसभा सांसद और तीन अन्य नेता परिवारवाद के जरिए आए हैं।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को महंत अवैद्यनाथ का रिश्तेदार बताते हुए पंकज चौधरी, संदीप सिंह, जितिन प्रसाद, नितिन अग्रवाल, नीरज शेखर, कमलेश पासवान और सूर्यप्रताप शाही का भी नाम लिया। उन्होंने कहा कि ये सभी परिवार से जुड़े हैं।
एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में अखिलेश ने कहा कि मंदिर जाना व्यक्तिगत आस्था का विषय है। कोई भी सनातनी किसी के मंदिर जाने का विरोध नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बना है।
उन्होंने कहा कि पहले उन्हें अयोध्या आने का निमंत्रण दिया गया था और अब वे वहां जा रहे हैं। अगर उन्हें आने से रोकना था तो निमंत्रण क्यों दिया गया। अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अयोध्या में भाजपा को जीरो करना है। लोकसभा चुनाव में प्रभु श्रीराम ने अयोध्या में भाजपा को आशीर्वाद नहीं दिया।
चुनाव आयोग की हर गतिविधि पर नजर रखें
अखिलेश यादव ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से गांवों और मोहल्लों में जाकर सम्मानित मतदाताओं से संपर्क करने तथा समाजवादी पार्टी को चुनाव जिताने की अपील करने को कहा।
वे प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हर पीडीए-प्रहरी से व्यक्तिगत रूप से कहा कि निर्वाचन आयोग की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखें और उससे जुड़े सबूत भी जुटाते रहें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.