झारखंड में नक्सलियों की कमर टूटी! एक करोड़ का इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- झारखंड के गिरिडीह जिले में एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा को गिरफ्तार किया गया।
- कोबरा, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
- गिरफ्तार माओवादियों से संगठन के नेटवर्क और अन्य गतिविधियों को लेकर पूछताछ जारी है।
रांची। झारखंड में माओवादी संगठन के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी मिसिर बेसरा को गिरिडीह जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिसिर बेसरा के साथ माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य मेहनत उर्फ मोच्छू और गौरव को भी सुरक्षाबलों ने पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम कोबरा, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और तीनों माओवादियों को गिरफ्तार किया।
लंबे समय से फरार चल रहे मिसिर बेसरा पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। वह सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।
माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका
मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी को झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। खासतौर पर सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क पर इसका बड़ा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से माओवादी संगठन की कमान और गतिविधियों पर प्रभाव पड़ेगा। साथ ही क्षेत्र में माओवाद के खिलाफ अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
गिरफ्तार माओवादियों से पूछताछ जारी
सुरक्षाबलों द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों माओवादियों से पूछताछ की जा रही है। एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, वित्तीय स्रोतों और अन्य सक्रिय माओवादियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.