केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में कोहरा, बारिश से बढ़ी ठंड, खराब मौसम के बीच भी जारी है यात्रा
By Hitesh — July 25, 2026

HIGHLIGHTS
- केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में कोहरे व बारिश के कारण ठंड बढ़ी, लेकिन श्रद्धालुओं की यात्रा लगातार जारी है।
- केदारनाथ में अब तक 14.14 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
- रुद्रप्रयाग में बन रहा ब्रिज-टनल प्रोजेक्ट 99% पूरा, अगस्त में यातायात के लिए खुलने की उम्मीद।
Author: — Dainik Dehat
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में शनिवार सुबह से कोहरा छाया रहा। लगातार हो रही बारिश के चलते दोनों धामों और आसपास के इलाकों में ठंड बढ़ गई है। हालांकि, खराब मौसम के बावजूद तीर्थ यात्रा लगातार जारी है। श्रद्धालु बाबा केदार और बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
केदारनाथ यात्रा प्रशासन की निगरानी में सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। अब तक 14,14,590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या भक्तों की आस्था और उत्साह को दर्शाती है। धाम में बारिश और कोहरे के कारण ठंड बढ़ी हुई है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
बदरीनाथ धाम में भी कोहरे का असर
बदरीनाथ धाम में शनिवार सुबह से कोहरा छाया रहा और हल्की बारिश भी जारी रही। मौसम की खराब स्थिति के कारण तीर्थयात्रियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। हालांकि, श्रद्धालु आसानी से बदरी विशाल के दर्शन कर पा रहे हैं।
ब्रिज और टनल प्रोजेक्ट का काम अंतिम चरण में
वहीं, रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ और केदारनाथ यात्रा को सुगम बनाने के लिए चल रहा मोटर ब्रिज और टनल प्रोजेक्ट अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त में इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
नेशनल हाईवे विभाग की ओर से बद्रीनाथ और केदारनाथ तीर्थ यात्रा मार्ग पर बेहतर कनेक्टिविटी के लिए करीब 900.30 मीटर और 200 मीटर लंबे मोटर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार ने 156 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
केदारनाथ और बद्रीनाथ हाईवे को जोड़ने वाले ब्रिज और टनल का लगभग 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बाकी बचे एक प्रतिशत कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है। विभाग के अनुसार, जल्द ही ब्रिज की लोड टेस्टिंग कराई जाएगी, जिसके बाद अगस्त में इसे यातायात के लिए खोले जाने की संभावना है।
जाम की समस्या से मिलेगी राहत
इस प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार में लगने वाले भारी जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सकेगी।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि टनल का काम पूरा हो चुका है और पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगस्त के आखिर तक पुल को ट्रायल टेस्टिंग के लिए खोला जा सकेगा। टनल और पुल के जुड़ने के बाद लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.