छपरा हिंसा मामले में बड़ा एक्शन, पुलिस ने 97 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें की जारी
By Hitesh — July 26, 2026

HIGHLIGHTS
- छपरा हिंसा मामले में सारण पुलिस ने 97 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं।
- पुलिस ने लोगों से संदिग्धों की पहचान कर सूचना देने की अपील की, पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया।
- 25 जुलाई के प्रदर्शन में तोड़फोड़ और पुलिस पर हमले के आरोप में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: — Dainik Dehat
छपरा। छपरा शहर के थाना चौक और नगरपालिका चौक पर 25 जुलाई को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सारण पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान की कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने घटना में शामिल संदिग्ध 97 लोगों की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर जारी की हैं और आम लोगों से उनकी पहचान करने में सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर हमला किया, सरकारी वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों पर लाठी, डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला करने का भी आरोप है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
फेसबुक पेज पर जारी की गई संदिग्धों की तस्वीरें
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर सारण पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 97 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें अपलोड की गई हैं। सभी तस्वीरों को क्रम संख्या के साथ जारी किया गया है, जिससे लोग आसानी से पहचान कर पुलिस को जानकारी दे सकें।
पुलिस ने बताया है कि मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अलग-अलग घटनाओं के आधार पर किया गया वर्गीकरण
पुलिस ने जारी तस्वीरों को घटनाओं के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटा है। इनमें बैरिकेडिंग तोड़ने वाले 21 संदिग्ध, राहगीरों के वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले 11 लोग, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले 21 लोग, पुलिस पर हमला और पथराव करने वाले 12 संदिग्ध तथा हिंसक प्रदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 33 लोग शामिल हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आगे भी अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
लोगों से सहयोग की अपील
सारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर जारी की गई तस्वीरों में किसी व्यक्ति की पहचान होती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से आरोपितों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
इन नंबरों पर दी जा सकती है जानकारी
उपद्रवियों की पहचान से जुड़ी सूचना देने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक से 9031827135, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) से 9031827144, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष से 9031036406 और नगर थानाध्यक्ष से 9031827154 पर संपर्क किया जा सकता है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.