कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में बड़ा बदलाव, 30 जुलाई से लागू होगा रूट डायवर्जन प्लान
By Hitesh — July 26, 2026

HIGHLIGHTS
- बरेली में कांवड़ यात्रा को देखते हुए 30 जुलाई से 28 अगस्त तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
- कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और अलग-अलग वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं।
- रोडवेज बसों और छोटे वाहनों के लिए भी विशेष तिथियों पर नई यातायात व्यवस्था लागू होगी।
Author: — Dainik Dehat
बरेली। सावन माह में कांवड़ यात्रा को देखते हुए बरेली शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है, जो 30 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के आने-जाने के लिए तीन प्रमुख मार्ग तय किए गए हैं। इनमें करीब 85 प्रतिशत कांवड़िये कछला घाट से गंगाजल लेकर बदायूं, भमोरा, देवचरा, रामगंगा, करगैना, चौपुला पुल, लाल फाटक पुल, कैंट और बुखारा मोड़ होते हुए शहर के अलग-अलग शिव मंदिरों तक पहुंचेंगे।
करीब 10 प्रतिशत शिवभक्त गढ़ मुक्तेश्वर से रामपुर, मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, सीबीगंज और किला होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं पांच प्रतिशत कांवड़िये हरिद्वार से रुद्रपुर, बहेड़ी और बिलवा पुल के रास्ते बरेली पहुंचेंगे।
इन मार्गों पर यातायात व्यवस्था को देखते हुए वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा। झुमका, परसाखेड़ा रोड नंबर-1, बिलवा अंडरपास, विलयधाम अंडरपास, लालपुर गांव कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा देवचरा चौराहा, रमपुरा मोड़ और अखा मोड़ से बदायूं रोड पर भी भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। फतेहगंज पूर्वी में आरओबी निर्माण के चलते लखनऊ से बदायूं जाने वाले वाणिज्यिक वाहनों को कटरा, नवादा, दातागंज और डहरपुर कलां के रास्ते भेजा जाएगा।
शहर के अंदर यातायात व्यवस्था
श्यामगंज, लीचीबाग और सेटेलाइट की ओर आने-जाने वाले सभी भारी वाहनों का संचालन ट्रांसपोर्ट नगर से किया जाएगा। सावन महीने के दौरान शहर के सभी ट्रांसपोर्टर अपना कारोबार टीपी नगर से ही संचालित करेंगे।
रोडवेज बसों और छोटे वाहनों के लिए रूट व्यवस्था
रोडवेज बसों और छोटे वाहनों के लिए भी विशेष तिथियों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। यह व्यवस्था 31 जुलाई रात 12 बजे से 3 अगस्त रात 12 बजे तक, 7 अगस्त रात 12 बजे से 11 अगस्त रात 8 बजे तक, 14 अगस्त रात 12 बजे से 17 अगस्त रात 12 बजे तक और 21 अगस्त रात 12 बजे से 24 अगस्त रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
रोडवेज बसें पुराने बस अड्डे से पटेल चौक, चौकी चौराहा, बियावानी कोठी, मालियों की पुलिया और सेटेलाइट होते हुए बड़ा बाइपास से आगे जा सकेंगी।
दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसें सेटेलाइट से नरियावल, ट्रांसपोर्ट नगर, रजऊ तिराहा और बड़ा बाइपास होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। वहीं लखनऊ जाने वाली बसें सेटेलाइट से नरियावल, ट्रांसपोर्ट नगर और फरीदपुर होते हुए आगे बढ़ेंगी।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को शाहजहांपुर और जलालाबाद होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे से हापुड़ के रास्ते दिल्ली भेजा जाएगा।
बरेली से रामपुर, मुरादाबाद और दिल्ली जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से मीरगंज, मिलक, शाहबाद, चंदौसी, अनूपशहर और बुलंदशहर के रास्ते संचालित होंगे।
नैनीताल और पीलीभीत रोड से लखनऊ जाने वाले वाहन बड़ा बाइपास, रजऊ तिराहा और फरीदपुर बाइपास होते हुए आगे जा सकेंगे।
बरेली से आगरा जाने वाले भारी वाहन परसाखेड़ा और ट्रांसपोर्ट नगर से रजऊ तिराहा, बड़ा बाइपास, मिलक, रामपुर, शाहबाद, बिलारी, बबराला, गुन्नौर, नरौरा और अलीगढ़ के रास्ते आवागमन कर सकेंगे।
आंवला से रामपुर जाने वाले भारी वाहन रामनगर, हरदासपुर, शाहबाद और पटवई मार्ग से जाएंगे। वहीं परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से परसाखेड़ा रोड नंबर-1 के रास्ते आ-जा सकेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.