बरेली पुलिस चौकी में हाईवोल्टेज ड्रामा, छात्र ने दरोगा और सिपाहियों को जड़े थप्पड़

HIGHLIGHTS
- बरेली की पुलिस चौकी में छात्र ने दरोगा और सिपाहियों से की मारपीट, आरोपी गिरफ्तार।
- शिक्षक-छात्र विवाद सुलझाने के दौरान माफी मांगने को लेकर बढ़ा मामला।
- पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़ और सरकारी काम में बाधा समेत मुकदमे दर्ज किए।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में एक पुलिस चौकी के अंदर उस समय हंगामा हो गया, जब शिक्षक और छात्रों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के दौरान एक छात्र ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने छात्र से गुरु के पैर छूकर माफी मांगने के लिए कहा था, जिस पर वह नाराज हो गया और चौकी के अंदर ही दरोगा व सिपाहियों को थप्पड़ मारने लगा। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
शिक्षक और छात्रों के विवाद से शुरू हुआ मामला
मानपुर कस्बे के स्वामी विवेकानंद सरस्वती इंटर कॉलेज के शिक्षक कुलदीप सिंह ने किसी बात को लेकर छात्र रोहित की पिटाई कर दी थी। इससे नाराज रोहित ने अपने साथियों संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के साथ मिलकर उनई मकरूका गांव के पास शिक्षक कुलदीप को घेर लिया।
आरोप है कि छात्रों ने शिक्षक के साथ मारपीट की। शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ मौजूद महिला शिक्षिका के साथ भी अभद्रता की गई।
चौकी में माफी मांगने को लेकर बढ़ा विवाद
मामले की शिकायत मिलने के बाद नारायण नगला चौकी प्रभारी अमित बघेल ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया। चौकी में समझौता पत्र तैयार हो गया। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने छात्रों को गुरु से माफी मांगने का सुझाव दिया।
रोहित ने माफी मांग ली, लेकिन संजय ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि दरोगा ने संजय से पांच बार माफी मांगने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद सिपाही कपिल और दीवान उमेंद्र ने संजय का कंधा पकड़कर उसे झुकाने का प्रयास किया।
इस पर संजय भड़क गया और उसने पहले सिपाही और दीवान को तीन थप्पड़ मारे। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे दरोगा अमित बघेल को भी कई थप्पड़ मार दिए।
छात्रों के खिलाफ दर्ज हुए दो मुकदमे
मामला बिगड़ने के बाद अन्य आरोपी छात्र मौके से भाग गए, लेकिन पुलिस ने संजय को पकड़ लिया। इसके बाद शिक्षक कुलदीप की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, दीवान उमेंद्र और सिपाही कपिल की ओर से भी सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस से मारपीट करने और चौकी के सरकारी अभिलेख फाड़ने के आरोप में दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया है।
दबिश के दौरान महिलाओं ने किया विरोध
घटना के बाद सीओ अरुण कुमार सिंह और इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ उनई मकरूका गांव में दबिश दी। पुलिस को गांव में कोई पुरुष नहीं मिला। इस दौरान पुलिस कार्रवाई का गांव वालों ने विरोध किया। आरोपियों के परिवार की महिलाओं ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया।
'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन के वीडियो देखता था छात्र: पुलिस
पुलिस के अनुसार, बीए का छात्र संजय दिल्ली में हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शनों के वीडियो नियमित रूप से देखता था, जिसके चलते उसका रवैया काफी आक्रामक हो गया था। पुलिस का दावा है कि संजय ने चौकी में दरोगा से कहा था कि "धारा में मुकदमा होगा" और चौकी फूंकने की धमकी भी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, हमला करने के बाद भी छात्र के व्यवहार में कोई पछतावा नजर नहीं आया।
सीओ ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और शिक्षक के साथ मारपीट या अभद्रता करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों ने पहले शिक्षक के साथ मारपीट की और बाद में पुलिस पर हमला किया, इसलिए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.