बागेश्वर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, उरेडा परियोजना अधिकारी 40 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- बागेश्वर में विजिलेंस टीम ने उरेडा परियोजना अधिकारी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
- सोलर प्लांट निरीक्षण रिपोर्ट आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप था।
- शिकायत सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई कर अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ा गया।
बागेश्वर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। उरेडा के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक विभाग में हलचल मच गई है।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस हल्द्वानी सेक्टर में शिकायत दर्ज कराई थी कि जिले के उरेडा कार्यालय में उनके सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट लंबे समय से लंबित थी। आरोप था कि परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल फाइलों को आगे बढ़ाने के लिए प्रति फाइल 10 से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायतकर्ता की चार फाइलें कार्यालय में अटकी हुई थीं, जिनके निपटारे के लिए आरोपी अधिकारी द्वारा कुल 40 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।
विजिलेंस टीम ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें मामला प्रथम दृष्टया सही पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
शुक्रवार को योजना के अनुसार विजिलेंस टीम ने उरेडा कार्यालय में कार्रवाई की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने उरेडा परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल, निवासी राजनगर, पीरुमदारा, रामनगर, नैनीताल को 40 हजार रुपये की रिश्वत दी, टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.