मुजफ्फरनगर में श्याम ज्वैलर्स की दुकान में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

HIGHLIGHTS
- आग लगने के समय दुकान पूरी तरह बंद थी।
- आसपास के लोगों ने धुआं और लपटें देखकर दमकल को सूचना दी।
- शुरुआती जांच में इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई।
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह रोड स्थित सर्राफा बाजार चौक पर प्रसिद्ध श्याम ज्वैलर्स की दुकान में शनिवार देर शाम करीब 7 बजे अचानक भीषण आग लग गई। जिस वक्त आग लगी, दुकान पूरी तरह बंद थी। दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी एफएसओ आरके यादव के मुताबिक, शुरुआती जांच में दुकान के अंदर लगे इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट होने की बात सामने आई है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी पास में रखी बैठने वाली बेंच की फोम सीट पर गिरी, जिसके बाद आग भड़क गई। फोम में आग लगने के बाद कुछ ही समय में लपटें तेजी से फैल गईं और दुकान का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया।
आग लगने के समय दुकान बंद होने के कारण अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों तक पहुंचने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला। काफी प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
दुकान के अंदर ज्वैलरी के साथ अन्य कीमती सामान भी रखा हुआ था। आग में सामान जलने और क्षतिग्रस्त होने से कारोबारी को भारी नुकसान होने की आशंका है। शुरुआती आकलन में नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक नुकसान दुकान के अंदर मौजूद सामान और ज्वैलरी की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया गया है कि आग उस समय लगी, जब सर्राफ दुकान बंद करके अपने घर लौट चुके थे। सूचना मिलने के बाद पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। इसके बाद तमाम औपचारिकताएं पूरी करने में भी लगभग एक घंटे का समय लगा। इसी वजह से दमकल टीम रात करीब 9 बजे के बाद ही मौके से रवाना हो सकी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.