मायावती का चंद्रशेखर आजाद पर बड़ा आरोप, बोलीं- BJP ने EVM में धांधली कर नगीना से जिताया

HIGHLIGHTS
- मायावती ने सोमवार को जारी बयान में EVM को लेकर सवाल उठाए
- नगीना सीट पर आजाद समाज पार्टी के जनाधार पर सवाल किया
- BJP पर चंद्रशेखर आजाद को चुनाव जिताने का आरोप लगाया
- दलितों से चंद्रशेखर आजाद के बहकावे में नहीं आने की अपील की
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भारतीय जनता पार्टी पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद को लोकसभा चुनाव में ईवीएम में बेईमानी करके चुनाव जिताने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नगीना सीट पर आजाद समाज पार्टी का कोई जनाधार नहीं था। मायावती ने आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग भी की।
बसपा सुप्रीमो ने सोमवार को जारी अपने बयान में कहा कि आजाद समाज पार्टी का सांसद अब भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है और देश में जहां भी दलितों पर अन्याय होता है, वहां जाकर उनसे धरना-प्रदर्शन आदि करवाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें युवाओं को आगे किया जाता है और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करवा दिए जाते हैं। इससे केस खत्म होने तक उन्हें सरकारी नौकरी भी नहीं मिल पाएगी और कोर्ट के चक्कर में पड़कर वे पिछड़ते चले जाएंगे।
मायावती ने कहा कि दलितों को अब इनके बहकावे में बिल्कुल नहीं आना है। उन्होंने कहा कि बसपा ने ईवीएम से मतदान का विरोध किया और जब इस पर सुनवाई नहीं हुई तो सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। कोर्ट ने ईवीएम प्रक्रिया को खत्म करने के बजाय वीवीपैट मशीन लगाने की प्रक्रिया लागू करने का आदेश दिया, लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ईवीएम से गिनती के दौरान सभी वीवीपैट की पर्चियों की गिनती नहीं की जाती है। वहीं, चुनाव आयोग को एसआईआर से संबंधित भ्रांतियों को दूर करना चाहिए। इसे लेकर विपक्ष में गुस्सा है, जिसकी नौबत नहीं आनी चाहिए थी।
भाजपा ने सबसे पहले किया था विरोध
मायावती ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब सबसे पहले भाजपा ने ईवीएम को मशीन बताते हुए इसका विरोध किया था और कहा था कि इसकी चिप को हैक किया जा सकता है। इसका प्रमाण देते हुए भाजपा ने किताब भी प्रकाशित की थी। वहीं, बसपा ने शुरुआत से ही ईवीएम का विरोध किया है।
उन्होंने कहा कि बसपा दलित, अति-पिछड़े वर्गों और सामान्य वर्ग के गरीब लोगों के हित में बनी पार्टी है। ऐसे लोगों को यकीन है कि ईवीएम की धांधली के कारण उनका वोट बसपा के बजाय किसी और के पास चला जाता है। मायावती ने आरोप लगाया कि इसका दुरुपयोग कर कांग्रेस भी चुनाव जीत जाती है। उन्होंने कहा कि ईवीएम का इस्तेमाल ज्यादातर देशों में नहीं होता है और अपने देश में भी इस पर रोक लगनी चाहिए।
मायावती को अपना लिखने वाला बदल लेना चाहिए : चंद्रशेखर
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मीडिया से बातचीत में मायावती के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मायावती को जो लिखकर दिया जाता है, वही बोलती हैं। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मायावती को अपना लिखने वाला बदल लेना चाहिए।
चंद्रशेखर आजाद ने यह भी कहा कि वह फिर से चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं और उन्हें जनता के बीच जाने में कोई संकोच नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.