जम्मू-कश्मीर के उड़ी में माइन धमाका, सेना के दो जवान गंभीर रूप से घायल

HIGHLIGHTS
- जम्मू-कश्मीर के बारामूला के उड़ी सेक्टर में LoC के पास माइन विस्फोट से सेना के दो जवान घायल हो गए।
- घायल जवानों को मौके से सुरक्षित निकालकर हेलीकॉप्टर के जरिए श्रीनगर के सेना बेस अस्पताल पहुंचाया गया।
- दफादार विजय कुमार और नायक शरणप्पा अंगारी का अस्पताल में इलाज जारी है, सेना के डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उड़ी सेक्टर से मंगलवार को एक चिंताजनक घटना सामने आई है। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास हुए एक माइन विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई और सेना ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा उड़ी के कामालकोट सब-सेक्टर में स्थित अपर गढ़ फॉरवर्ड पोस्ट के पास हुआ। यह क्षेत्र काफी संवेदनशील माना जाता है, जहां 12 इन्फैंट्री ब्रिगेड के अंतर्गत 8 राष्ट्रीय राइफल्स (8 RR) की टुकड़ी तैनात है। यह इलाका उरी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को जवान अपनी नियमित गश्त और ड्यूटी पर थे, तभी अचानक एक पुरानी माइन में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के क्षेत्रों में भी सुनाई दी। विस्फोट की चपेट में आने से दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल जवानों की पहचान
घायल जवानों की पहचान दफादार विजय कुमार (42 वर्ष) और नायक शरणप्पा अंगारी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों जवान 8 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात हैं और लंबे समय से देश की सेवा में जुटे हुए हैं।
घटना के बाद साथी जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों घायल सैनिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल दोनों जवानों का इलाज सेना के बेस अस्पताल में जारी है। सेना के वरिष्ठ डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.